
निवाड़ीजिले में अवैध उत्खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिडे के कड़े निर्देशों के पालन में खनिज विभाग की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध परिवहन में संलिप्त दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की हैं।
जिला खनिज अधिकारी अजय मिश्रा के मार्गदर्शन में खनिज निरीक्षक बृजेश कुमार अहिरवार तथा दल के सदस्य हनीफ, देवानंद पंकज एवं शिवम् शुक्ला द्वारा तहसील निवाड़ी क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान निवाड़ी रेलवे स्टेशन के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध रूप से खनिज मुरम का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। वहीं, निवाड़ी मस्जिद के पास खनिज डस्ट का अवैध परिवहन करते हुए एक अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जब्त किया गया। दोनों ही वाहन बिना वैध दस्तावेज एवं रॉयल्टी पर्ची के खनिज परिवहन करते पाए गए।
खनिज मुरम एवं डस्ट से लदी इन दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर कोतवाली निवाड़ी की अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया है।
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिडे ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध उत्खनन एवं खनिज परिवहन में संलिप्त भू-माफियाओं और वाहन स्वामियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दोहराया कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




