
*धनबाद:* बिहार सरकार के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ मंत्री एवं कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान एक दिवसीय दौरे पर धनबाद पहुंचे. वे झरिया में आरके आउटसोर्सिंग परियोजना पर पहुंचे और वहां हो रहे कोयला उत्खनन कार्य को बारीकी से देखा. निरीक्षण के दौरान उन्होंने मजदूरों से मुलाकात कर उनकी कार्य परिस्थितियों के बारे में जानकारी हासिल की.
*खदान मजदूरों से मिले मंत्री मोहम्मद जमा खान*
मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री मोहम्मद जमा खान ने कहा कि कोयलांचल धनबाद का दौरा करना, उनके लिए सौभाग्य की बात है. उन्होंने आगे कहा कि किस तरह मजदूर जान जोखिम में डालकर खदानों से कोयला निकालते हैं, यह देखकर गर्व महसूस होता है, जो सुनते आए थे, वह आज अपनी आंखों से देखा हैं. यहां से पूरे देश में उजाला होता है. बीसीसीएल, केंद्र सरकार के अधीन है. हम एनडीए सरकार के अंग हैं. कर्मियों की समस्याओं को दूर करने की कोशिश की जाएगी, जो भी यहां जरूरत होगी केंद्र सरकार उसे पूरा करने की कोशिश करेगी.
*मजदूरों से जुड़े सभी मुद्दों पर होगी चर्चा: मंत्री, बिहार सरकार*
मंत्री ने आश्वासन दिया कि मजदूरों से जुड़े मुद्दों और स्थानीय समस्याओं को लेकर वर्तमान विधायक रागिनी सिंह एवं पूर्व विधायक संजीव सिंह से विस्तृत जानकारी प्राप्त की है और जो भी मजदूर के हित से जुड़ी मांगे होगी उन्हें ऊपर तक पहुंचाया जाएगा.
इससे पहले मंत्री मोहम्मद जमा खान झरिया विधायक रागिनी सिंह के आवास पहुंचे थे, यहां उन्होंने पूर्व विधायक कुंती सिंह से मुलाकात की और मौके पर पूर्व विधायक संजीव सिंह ने मंत्री मोहम्मद जमा खान का स्वागत किया.










