

आज 22 दिसंबर 2025 को नजीबाबाद के निर्मला गोकुल सिंह यादव सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में गणित मेले का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती के अवसर पर हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अजय यादव (उप प्रधानाचार्य, राजकीय इंटर कॉलेज, नजीबाबाद), डॉ. एल.एस. बिष्ट (क्षेत्रीय मंत्री, विद्या भारती, पश्चिमी क्षेत्र), पूरन सिंह भंडारी (उपाध्यक्ष) और प्रधानाचार्य जितेंद्र सिंह ने किया। अतिथियों ने माँ सरस्वती और श्रीनिवास रामानुजन के चित्रों पर दीप प्रज्वलित कर और पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। आचार्य संजय सिंह ने अतिथियों का परिचय कराया, जबकि आचार्य प्रमोद कुमार ने उन्हें बैच लगाकर सम्मानित किया।
आचार्य संजय शर्मा ने छात्रों को श्रीनिवास रामानुजन के जीवन परिचय से अवगत कराया और गणित विषय पर एक कविता भी प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि अजय यादव ने गणित के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. एल.एस. बिष्ट ने छात्रों को बताया कि रामानुजन ने जीवन में अनेक संघर्षों का सामना करते हुए अपनी मेहनत और लगन से गणित में सफलता प्राप्त की।
गणित मेले में गणित प्रदर्श, चार्ट, चित्रकला, रंगोली, कविता, भाषण, निबंध, प्रश्नमंच प्रतियोगिता और मापन प्रतियोगिता जैसे विभिन्न आयोजन हुए। इसके अतिरिक्त, गणित के खेल, रोचक पहेलियाँ और भोजन स्टॉल भी लगाए गए, जिनमें विद्यालय के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विजेता छात्रों को अतिथियों द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य जितेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और मुख्य अतिथि अजय यादव को उपहार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन आचार्य पंकज शर्मा ने किया।
इस अवसर पर आचार्य गोपेन्द्र सिंह, आत्मस्वरूप शर्मा, गौरव कुमार, अनंत कुमार, नीरज कुमार, घनश्याम सिंह, विवेक प्रताप, सोनू कुमार, संजीव कुमार, आचार्या रजनी टांक, पूनम रानी, मनु, अर्चना और समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।










