
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज गाजीपुर

गाजीपुर। जनपद के कासिमाबाद विकासखंड स्थित बीज गोदाम एवं किसान कल्याण केंद्र पर सोमवार को भारी अव्यवस्था देखने को मिली। केंद्र का ताला सुबह 11:30 बजे तक नहीं खुला, जिससे दूर-दराज से आए किसानों को कई घंटों तक गेट पर बैठकर इंतजार करना पड़ा। इससे किसानों में भारी आक्रोश देखा गया।
किसानों के अनुसार वे सुबह करीब 10 बजे ही केंद्र पर पहुंच गए थे, ताकि समय पर बीज प्राप्त कर अपने खेतों में बोआई कार्य शुरू कर सकें, लेकिन कर्मचारियों की लापरवाही के चलते उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ा। तेज धूप में बैठे किसानों की परेशानी देखते ही बन रही थी।
कई किसानों ने बताया कि वे मजदूरी और खेत का काम छोड़कर केंद्र आए थे, लेकिन पूरे दिन की मेहनत बेकार चली गई। किसानों ने यह भी कहा कि इस तरह की लापरवाही पहले भी कई बार देखने को मिल चुकी है, लेकिन व्यवस्था में कोई सुधार नहीं किया गया।
घटना की सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। बाद में करीब 11:30 बजे केंद्र खुला, तब जाकर किसानों को राहत मिली।
किसानों व सामाजिक संगठनों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस प्रकरण की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसानों को इस तरह की परेशानी न झेलनी पड़े।




