A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेजोधपुर राजस्थान

राजस्व अर्जन, अवैध तस्करी पर सख्ती और मदिरा दुकानों के बंदोबस्त को पूर्ण करने पर विशेष फोकस

“लक्ष्य शत-प्रतिशत पूर्ण करें”— आबकारी आयुक्त श्री नमित मेहता

WhatsApp Image 2026 04 15 at 15.23.46जोधपुर, 15 अप्रैल। आबकारी आयुक्त श्री नमित मेहता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश सरकार की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करते हुए मदिरा दुकानों का शत-प्रतिशत बंदोबस्त, निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार राजस्व अर्जन तथा अवैध मदिरा तस्करी एवं हथकड़ शराब के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

आबकारी आयुक्त बुधवार को जोधपुर में मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर के सभागार में आयोजित जोधपुर जोन के सभी जिलों की विभागीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में जोन के जिला आबकारी अधिकारियों, उपायुक्त आबकारी निरोधक दल, सहायक आबकारी अधिकारी एवं निरीक्षकों के कार्य प्रगति की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलेवार समीक्षा, कमजोर प्रदर्शन पर होगी कार्रवाई
आबकारी आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी जोन्स में जिलेवार प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी। जिन जिलों में अधिकारियों एवं निरोधक दलों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाया जाएगा, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण और मॉनिटरिंग से बढ़ेगा राजस्व
उन्होंने निर्देशित किया कि आबकारी निरीक्षक मदिरा दुकानों का नियमित निरीक्षण कर दुकानवार प्रगति की समीक्षा करें। इससे मदिरा उठाव एवं राजस्व अर्जन के लक्ष्यों की प्रभावी प्राप्ति संभव होगी। साथ ही होटल, रिसोर्ट एवं रेस्टोरेंट में बिना लाइसेंस मदिरा विक्रय पर पूर्ण रोक लगाने, जिलेवार लाइसेंस संख्या बढ़ाने तथा अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए।

बकाया राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश
आबकारी आयुक्त ने बताया कि प्रदेश में लगभग 2174 करोड़ रुपये का राजस्व बकाया है। उन्होंने एमनेस्टी योजना के अंतर्गत ब्याज में छूट का लाभ देकर बकायादारों से वसूली सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मुखबिर तंत्र सुदृढ़ कर अवैध तस्करी पर प्रहार
श्री मेहता ने सभी उपायुक्त आबकारी एवं निरोधक दलों को मुखबिर तंत्र को सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए कहा कि अवैध मदिरा तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए गश्त एवं दबिश बढ़ाई जाए और विशेष निरोधात्मक अभियान तेज किए जाएं।

नियमों की सख्त पालना पर जोर
बैठक में रात्रि 8 बजे मदिरा दुकानों को बंद करने के नियम की पालना, शादी एवं पार्टी में ऑकेशनल लाइसेंस, रेस्टोरेंट में हार्ड लिकर सर्व पर रोक, विशेष निरोधात्मक अभियान, न्यायालयों में लंबित विभागीय प्रकरण की समीक्षा एवं आबकारी थानों की कार्यवाही पर भी विस्तार से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत हुई प्रगति रिपोर्ट
अतिरिक्त आबकारी आयुक्त, जोधपुर जोन श्रीमती सीमा कविया ने सभी जिलों की प्रगति रिपोर्ट पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रस्तुत की। जोधपुर, पाली, जैसलमेर, सिरोही, बाड़मेर एवं जालोर जिलों के अधिकारियों ने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

बैठक से पूर्व आबकारी आयुक्त को आबकारी पुलिस दल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तथा अधिकारियों ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया।

बैठक में अतिरिक्त आबकारी आयुक्त श्रीमती सीमा कविया, जिला आबकारी अधिकारी श्री भवानी सिंह सहित जोधपुर जोन के सभी वरिष्ठ आबकारी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!