
सीकर. प्रीतमपुरी बालाजी मंदिर से सीसीटीवी कैमरे चोरी होने का मामला सामने आया है। सीसीटीवी लगाने से पहले चोर मंदिर परिसर में लगी दो दान पेटियों के ताले तोड़कर उनमें रखी राशि चोरी कर ले गए। दान पेटियों के ताले टूटने पर पुजारी ने ग्रामीणों को सूचना दी, जिस पर भामाशाह ने मंदिर परिसर में दो सीसीटीवी कैमरे लगवाए। चोरों ने दोनों कैमरे चुरा लिए।
मंदिर के पुजारी सज्जन कुमार स्वामी ने बताया कि करीब दस दिन पहले भी चोरों ने मंदिर परिसर में लगी दो दान पेटियों के ताले तोड़कर उनमें से राशि चोरी कर ली थी। अभी तक थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि चोर मंदिरों को भी नहीं छोड़ रहे हैं। ग्रामीणों के साथ ही आसपास की ग्राम पंचायत के लोगों की भी पहाड़ी वाले बालाजी में गहरी आस्था है। मंगलवार व शनिवार को हजारों की संख्या में श्रद्धालु करीब चार सौ सीढ़ियां चढ़कर दर्शन करने मंदिर पहुंचते हैं। दो बार चोरी होने से ग्रामीणों में रोष है।




