A2Z सभी खबर सभी जिले कीLok Sabha Chunav 2024अन्य खबरेताज़ा खबर

पिकअप ने ई रिक्शा को मारी टक्कर, एक ग्रामीण की मौत, आठ घायल

पीलीभीत जिले में जहानाबाद शाही मार्ग पर मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार पिकअप ने ई रिक्शा को टक्कर मार दी। जिससे ई रिक्शा खाई में जाकर गिरा। हादसे में ई रिक्शा पर सवार एक ग्रामीण की मौत हो गई। जबकि आठ लोग घायल हो गए। जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी भिजवाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहानाबाद शाही मार्ग पर बरेली हाईवे स्थित शाही मोड़ तक के लिए ई रिक्शा का संचालन किया जाता है। नगर के नई बस्ती इलाके का रहने वाला नाजिम दोपहर बाद नौ यात्रियों को बैठाने के बाद जहानाबाद से शाही के लिए रवाना हुआ था। हंडा और कुकरीखेड़ा के बीच शाही की ओर से अनियंत्रित गति से आ रहे पिकअप वाहन ने ई रिक्शा को टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर लगने से ई रिक्शा मार्ग के किनारे खाई में जाकर पलट गया। खाई में पानी भी भरा था। हादसे के बाद चालक पिकअप छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। ई रिक्शा में सवार लोगों को खाई से बाहर निकाला गया। सूचना के बाद जहानाबाद थाने के इंस्पेक्टर राजीव कुमार शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस के आने के बाद घायलों को नगर की सीएचसी भेजा गया। चिकित्सकों ने जहानाबाद क्षेत्र के गांव खमड़िया दलेलगंज निवासी बुंदन (45) पुत्र हमीदुल्ला को मृतक घोषित कर दिया। जबकि घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेज दिया गया। इंस्पेक्टर राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। हादसे में मृतक की पत्नी रफीक बानो के अलावा ई रिक्शा चालक नाजिम, जहानाबाद क्षेत्र के गांव अंडरायन निवासी अंजून, उसके पुत्र रहीम और हुसैन, बरखेड़ा के पौटा खमड़िया गांव निवासी आमना, नबावगंज क्षेत्र के गांव कियार निवासी मीना मिश्रा, बरेली के शेरगढ़ थाने क्षेत्र के गांव पनबड़िया निवासी सचिन घायल हुए। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!