

सहारनपुर भाजपा: नगर अध्यक्ष के इस्तीफे के बाद नए संयोजक के चयन को लेकर मची खींचतान
सहारनपुर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहारनपुर इकाई में नगर अध्यक्ष पुनीत त्यागी के इस्तीफे के बाद संगठन में नया संयोजक चुनने को लेकर जबरदस्त हलचल मची हुई है। इस्तीफे के पीछे एक महिला का वीडियो सामने आने की वजह बताई जा रही है, हालांकि त्यागी का इस्तीफा फिलहाल मंजूर नहीं हुआ है। इसके बावजूद, नए नगर संयोजक के लिए दावेदारों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा चल रही है।
सूत्रों की मानें, तो इस बार भाजपा की नगर इकाई में वैश्य समाज से किसी नेता को संयोजक बनाए जाने की संभावना है। प्रमुख नामों में पूर्व अध्यक्ष राकेश जैन, नीरज गुप्ता, अनिल मित्तल, किशोर शर्मा, शैलेन्द्र भूषण और पार्टी के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गौरव गर्ग का नाम प्रमुखता से उभरकर सामने आ रहा है। इसके साथ ही राकेश त्यागी का नाम भी चर्चाओं में है।
भाजपा के स्थानीय संगठन में नए संयोजक के चयन को लेकर माहौल काफी गरमाया हुआ है। कहा जा रहा है कि पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा का भी इस प्रक्रिया में प्रमुख भूमिका हो सकती है और उनका संगठन में वर्चस्व कायम है। नए नगर संयोजक का कार्यकाल मात्र तीन महीने का होगा, इसके बावजूद सभी दावेदार अपने-अपने संपर्कों का इस्तेमाल कर इस पद पर काबिज होने की कोशिश कर रहे हैं।
अंतिम फैसला भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पर निर्भर है, लेकिन सहारनपुर के राजनीतिक गलियारों में चर्चा गर्म है कि कौन बनेगा इस बार का नगर संयोजक और पार्टी की कमान किसे सौंपी जाएगी।
— रिपोर्ट: एलिक सिंह
वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़
8217554083








