
पीलीभीत। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कारागार में बंदियों के किशोर बैरक, महिला बैरक, अन्य बैंरकों, भोजनालय एवं अस्पताल का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने बैरक के निरीक्षण के दौरान बंदियों से बातचीत करते हुए उनकी समस्याओं का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण करने हेतु निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने महिला बैरक में महिला बंदियों से बातचीत करते हुए उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली गई। अस्पताल निरीक्षण के दौरान बीमार बंदियों से बातचीत करते हुए उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली गई और वहां उपस्थित डॉक्टर को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि बीमार बंदियों की स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही ना बरती जाए। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक को निर्देशित किया कि मानक के अनुरूप बंदियों को समस्त सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए। निरीक्षण के दौरान साफ सफाई की व्यवस्था देखी गई और निर्देशित किया कि निर्धारित मानकों के अनुरूप बंदियों को भोजन उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही विशेष साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने की निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक व जेलर सहित अन्य उपस्थित रहे।





