

सिजुआ:
ए०के०डब्ल्यू०एम०सी० क्षेत्र के सिजुआ साइडिंग में मेसर्स हिन्दुस्तान ट्रेड ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किए जा रहे कोयला परिवहन कार्य में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इन गड़बड़ियों से न केवल सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है, बल्कि स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार अनियमितताएँ इस प्रकार हैं—
1. ओवरलोडिंग की समस्या:
ट्रकों में निर्धारित क्षमता से अधिक कोयला लादा जा रहा है, जिससे मुख्य सड़कों की हालत खराब हो रही है और आम राहगीरों को आने-जाने में कठिनाई हो रही है।
2. प्रदूषण नियंत्रण में लापरवाही:
परिवहन में लगे किसी भी टिपर पर तिरपाल का उपयोग नहीं किया जा रहा, जिससे क्षेत्र में धूल और प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ रहा है।
3. कसर लगाने में टेंडर उल्लंघन:
अनुबंध के अनुसार परिवहनकर्ता को 400 टीपीएच के तीन कसर लगाना अनिवार्य है, लेकिन सिर्फ एक मोबाइल कसर लगाया गया है। इसकी क्षमता भी कम है, जिसके चलते रैक में बिना कसिंग के कोयला लोड किया जा रहा है।
4. बिना कसिंग के कोयला लोडिंग:
रेलवे रैक में बिना कसिंग का कोयला लोड किया जा रहा है, जो नियमों के विरुद्ध है।
5. स्थानीय रोजगार प्रावधान का उल्लंघन:
अनुबंध में स्थानीय निवासियों को रोजगार देने का प्रावधान है, लेकिन कंपनी ने इसका पालन नहीं किया है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि इन अनियमितताओं की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मौके पर नेतृत्व कर्ता विजय कुमार सिंह उर्फ सनी सिंह, अमजद खान के अलावे दर्जनों लोग मौजूद थे।









