
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा गढ़वा। श्री बंशीधर नगर झारखंड कुर्मी महासभा जिला इकाई गढ़वा के जिला महासचिव गोरखनाथ चौधरी के नेतृत्व में सरदार पटेल चौक, चौरिया में कुर्मी समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में आगामी 20 सितंबर को पूरे झारखंड, उड़ीसा और बंगाल राज्य में एक साथ रेल रोको आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। गढ़वा जिला इकाई द्वारा इसके लिए नगर ऊंटारी रेलवे स्टेशन को केंद्र बिंदु के रूप में चिन्हित किया गया है।
गोरखनाथ चौधरी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यह लड़ाई आरक्षण की नहीं, बल्कि संरक्षण की लड़ाई है। हमें भीख नहीं बल्कि अपना अधिकार चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुर्मी समाज को ST सूची में शामिल कराने की मांग किसी नए अधिकार के लिए नहीं, बल्कि छीन लिए गए अधिकारों की पुनर्बहाली के लिए है। चौधरी ने कहा कि कुर्मी समुदाय आदिवासी समाज का ही हिस्सा रहा है, लेकिन एक सोची-समझी साजिश के तहत 1950 में भारत सरकार ने हमें आदिवासी सूची से बाहर कर दिया। जबकि 1913 से लेकर 1931 तक की जनगणना में कुर्मी समाज आदिवासी श्रेणी में शामिल था।
उन्होंने जोर देकर कहा कि कुर्मी समाज झारखंड में बड़ी आबादी के साथ निवास करता है, लेकिन आदिवासी सूची से बाहर होने के कारण समुदाय के लोग राजनीतिक और आर्थिक दृष्टि से लगातार पिछड़ते चले गए। अगर समाज को पुनः ST सूची में शामिल किया जाए, तो निश्चित रूप से कुर्मी समाज के बच्चे आरक्षण का लाभ लेकर प्रखंड से लेकर जिला और राज्य स्तर तक पदाधिकारी बनेंगे तथा राजनीतिक क्षेत्र में भी मजबूती से अपनी पहचान बनाएंगे।
बैठक में चौधरी राजकुमार निराला, रविंद्र प्रसाद चौधरी, बैजनाथ चौधरी, यमुना चौधरी, प्रहलाद चौधरी, राजकुमार चौधरी, रामदुलार चौधरी, विद्याधर चौधरी, अवधेश प्रसाद चौधरी, डोमन चौधरी, सभापति चौधरी, कृष्णा चौधरी, रामनाथ चौधरी, चंद्रमन चौधरी और दीनानाथ चौधरी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं समाज के सदस्य मौजूद रहे।













