
पांडवों की पावन भूमि पांडु पिंडारा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फि़ल्म पिंडारा एतिहासिक साबित होगी-पुनीत शर्मा
नरवाना, 18 जनवरी, पिंडारा डॉक्यूमेंट्री का मुख्य उद्देश्य पांडु पिंडारा की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को पूरी प्रामाणिकता के साथ दर्शकों तक पहुँचाना है। यह बात नरवाना उपमण्डल क गांव भाणा ब्रहम्णा निवासी फि़ल्म निर्देशक पुनीत शर्मा ने आज यहां कही। उन्होने बताया कि पांडवों द्वारा अपने पूर्वजों का पिंडदान कर मोक्ष प्राप्ति से जुड़ी आस्था की पवित्र स्थली पांडु पिंडारा के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व को सहेजने के उद्देश्य से निर्मित डॉक्यूमेंट्री फि़ल्म पिंडारा की शूटिंग का शुभ मुहूर्त आज विधिवत रूप से सम्पन्न हुआ। यह डॉक्यूमेंट्री अखंड पिक्चर्स और सिनेमैटिक हरियाणा के तत्वावधान में बनाई जा रही है। निर्देशक ने आगे जानकारी दी कि फि़ल्म की शूटिंग आगामी दिनों में पांडु पिंडारा एवं उसके आसपास के ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों पर की जाएगी, ताकि इस पावन धरा की दिव्यता और विरासत को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुँचाया जा सके। डॉक्यूमेंट्री पिंडारा निश्चित रूप से पांडु पिंडारा की गौरवशाली परंपरा को सिने माध्यम के जरिए अमर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास सिद्ध होगी। पुनीत शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर हरिओम कौशिक (फिल्म अभिनेता व निर्देशक) राजकुमार गोयल(समाजसेवी), निशा शर्मा (फिल्म निर्माता), सुरेश यादव और आर.जे. भारद्वाज (निर्माता) की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही सिनेमैटिक हरियाणा की टीम से छायांकन निर्देशक जयुम , शिवम व्यास , मनोज वर्मा , सुधीर स्वामी (प्रोजेक्ट मैनेजर) और देवराज (प्रोजेक्ट मैनेजर असिस्टेंट) ने भी इस शुभ अवसर पर अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।फि़ल्म का संगीत प्रसिद्ध संगीतकार जि़ले सिंह सोनी द्वारा तैयार किया जाएगा, जो इससे पहले गीता जयंती और माता (गुरुग्राम)जैसी चर्चित धार्मिक परियोजनाओं को अपनी संगीत रचना से जीवंत कर चुके हैं। मुहूर्त कार्यक्रम के बारे में बताया कि कार्यक्रम में मुख्यातिथि रुद्राक्ष मिड्ढा युवा भाजपा नेता ने भी पांडु पिंडारा जैसे प्राचीन धार्मिक स्थलों को फिल्म माध्यम के जरिए संरक्षित करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता की बात कहते हुए फि़ल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं दी और विश्वास जताया कि यह डॉक्यूमेंट्री विशेष रूप से युवाओं को अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहर से जोडऩे का सशक्त माध्यम बनेगी। उन्होने बताया कि योगेश बैरागीभाजपा नेता, जुलाना विधानसभा ने पिंडारा डॉक्यूमेंट्री पर जींद जिले की ऐतिहासिक पहचान को एक नया आयाम देने की बात कही है और विश्वास जताया है कि यह फ़िल्म पांडु पिंडारा की धार्मिक, सांस्कृतिक और पौराणिक महत्ता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। प्रमुख समाजसेवी राजकुमार गोयल ने कहा कि पांडु पिंडारा केवल एक धार्मिक स्थल ही नहीं बल्कि हमारी सनातन परंपरा, संस्कृति और आस्था की जीवंत पहचान है। उन्होंने कहा कि पिंडारा जैसी डॉक्यूमेंट्री फिल्मों के माध्यम से आने वाली पीढियों को अपने गौरवशाली इतिहास और धार्मिक विरासत से जोडना अत्यंत आवश्यक है। गोयल ने फिल्म निर्माण से जुडे सभी कलाकारों, तकनीकी टीम और आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया है कि यह डॉक्यूमेंट्री पांडु पिंडारा की महत्ता को देश विदेश तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उल्लेखनीय है कि पिंडारा डॉक्यूमेंट्री फि़ल्म के निर्देशक पुनीत शर्मा इससे पूर्व शीतला माता (गुरुग्राम) और गीता जयंती पर डॉक्यूमेंट्री फ़िल्में बना चुके हैं। उल्लेखनीय है कि गीता जयंती डॉक्यूमेंट्री को हरियाणा फिल्म महोत्सव 2025 (अप्रैल)में प्रोफेशनल कैटेगरी में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ था।







