
बंडा से ब्लाक प्रमुख पद के प्रत्याशी रहे सुबोध कनौजिया ने डीएम और मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
शाहजहांपुर।एडवोकेट सुबोध कनौजिया ने विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंगापुर खास में स्थित शारदा नहर पुल (हरदोई ब्रांच) पर बने जर्जर पुल का मुद्दा जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री के सामने पत्र के माध्यम से रखा है।
उन्होंने कहा कि उपरोक्त पुल ब्रिटिश शासन काल से निर्मित है, जो वर्तमान समय में अत्यंत जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है।
यह पुल विशेष रूप से पश्चिमी साइड से ओर अत्यधिक धंस (बैठ) चुका है, जिससे प्रतिदिन आवागमन करने वाले ग्रामीणों, किसानों, स्कूली बच्चों एवं आम जनता के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।
उन्होंने आगे कहा कि पुल की वर्तमान स्थिति को देखते हुए किसी भी समय कोई बड़ी अनहोनी होने की पूर्ण संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
उक्त पुल क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन भारी संख्या में दोपहिया, चारपहिया एवं कृषि वाहनों का आवागमन होता है। पुल की मरम्मत या पुनर्निर्माण न होने की स्थिति में जनहानि की आशंका बनी हुई है, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासनिक लापरवाही मानी जाएगी।
उन्होंने निम्नलिखित मांगें क्रमशः शासन और प्रशासन के सामने रखी हैं।
1. पुल का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराया जाए।
2. आवश्यकता अनुसार आपातकालीन मरम्मत अथवा नए पुल के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की जाए।
3. जब तक स्थायी समाधान न हो, तब तक सुरक्षा के वैकल्पिक उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि यदि उपरोक्त मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे शीघ्र ही मुख्यमंत्री से मिलकर जर्जर पुल का मुद्दा रखेंगे।








