
वाराणसी-गाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सदर कोतवाली क्षेत्र के बुजुर्गा भीखापुर गांव के पास शुक्रवार की शाम एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।वह ससुराल में अपने साले की बेटी की सगाई कार्यक्रम से लौट रहे थे। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन शव लेकर घर चले गए। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के पिता रामसेवक राजभर ने बताया कि जंगीपुर थानाक्षेत्र के गुम्मा गांव निवासी सनी राजभर तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी शादी कोतवाली क्षेत्र के बुजुर्गा गांव निवासी रेनू राजभर से 2022 में हुई थी। 11 माह पूर्व दोनों के जुड़वा बच्चे राजवीर और आख्या हुए थे। सनी सिलवासा में एक कंपनी में काम करता था। गत शुक्रवार को पत्नी रेनू के भाई अखिलेश राजभर की बेटी की सगाई थी। कार्यक्रम में शामिल होकर सनी बाइक से घर लौट रहा था। बुजुर्गा भीखापुर गांव के पास वह किसी वाहन की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसके पास से मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना दी। परिजनों के घटनास्थल पर पहुंचने तक सनी की मौत हो गई थी। इसके बाद वे शव लेकर घर चले गए। भाई की बेटी के छेका में मायके गई सनी की पत्नी रेनू को घटना की जानकारी मिली तो वह भी ससुराल पहुंच गई। वह पति का शव देखकर बार-बार बेसुध हो जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक ने हेलमेट नहीं लगाया था। इससे उसके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई। जंगीपुर थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।












