
छात्रा की आत्महत्या से मचा हड़कंप, निष्पक्ष जांच की मांग
*प्रतापगढ़: छात्रा की आत्महत्या से मचा हड़कंप, निष्पक्ष जांच की मांग*
प्रतापगढ़ जिले के मांधाता थाना क्षेत्र के पितईपुर गांव स्थित कमला शरण यादव इंटर कॉलेज में कक्षा 9 की एक छात्रा द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। इससे पहले जेठवारा थाना क्षेत्र में भी एक छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया था, जिससे जिले में प्राइवेट स्कूलों की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं।
छात्रा के माता-पिता ने विद्यालय प्रशासन, प्रबंधक, प्रिंसिपल, बड़े बाबू और चपरासी समेत कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में लिखित शिकायत मांधाता कोतवाली में दर्ज कराई गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर सुभाष कुमार यादव और क्षेत्राधिकारी रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
फिलहाल, छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, और प्रशासन आगे की जांच में जुटा है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है, और विभिन्न कयास लगाए जा रहे हैं। अभिभावकों में भी निजी विद्यालयों की कार्यप्रणाली और छात्रों के प्रति उनके व्यवहार को लेकर रोष बढ़ता जा रहा है।
परिवार की मांग है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस और जिला प्रशासन की ओर से यह देखना होगा कि जांच किस निष्कर्ष तक पहुंचती है और क्या पीड़ित परिवार को न्याय मिल पाता है। इस घटना ने शिक्षा संस्थानों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर चिंतन की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।
















