
राजकुमार अश्क
शाहगंज (जौनपुर): भादी गांव स्थित सेंट थॉमस मार्ग का पुनर्निर्माण अब जल्द ही शुरू होगा। गुरुवार शाम को क्षेत्रीय विधायक रमेश सिंह ने पूरे विधान से पूजन-अर्चन के साथ निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के निर्माण से हजारों छात्र-छात्राओं और स्थानीय निवासियों को जर्जर सड़क की समस्या से निजात मिलेगी।
विधायक ने बताया कि करीब एक किलोमीटर लंबी इस सड़क में 400 मीटर हिस्सा सीमेंटेड बनाया जाएगा। सड़क की खस्ता हालत को देखते हुए लंबे समय से इसकी मरम्मत की मांग की जा रही थी। उन्होंने कहा कि करीब 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क के दोनों किनारों पर जलनिकासी के लिए नालियों का भी निर्माण कराया जाएगा।
विधायक ने भरोसा दिलाया कि कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा और तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाएगा।
इसी क्रम में मदर निसा फाउंडेशन के संयोजक फैज़ान अहमद ने एक ज्ञापन देते हुए महादेव तिराहे और सेंट थॉमस चौराहे पर एक गति अवरोधक बनाए जाने की अपील की।जिससे इस मार्ग पर आए दिन हो रही दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
सोशल एक्टिविस्ट ओम प्रकाश सिंह ने रेलवे फाटक के पास एक अंडरपास बनाने सम्बंधित ज्ञापन देते हुए कहा कि लोगों की सुगम आवागमन के लिए यहाँ पर एक अंडरपास की अति आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में केक काटा गया और उन्हें शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष चिंताहरण शर्मा, अवधेश दुबे, बेचन सिंह, सुनील अग्रहरि ‘टप्पू’, धर्मेंद्र सिंह, केके सिंह, भुवनेश्वर, धीरज पाटिल वेद प्रकाश जायसवाल , समेत सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे। संचालन पवन पाल ने किया ।









