
अज्ञात वाहन की ठोकर से युवक की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम
परिवार में मचा कोहराम घटना से गांव में छाया मातम, पुलिस जांच में जुटी
कुशीनगर। विशुनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चाफ (तेलिया टोला) गांव निवासी 18 वर्षीय युवक की दुर्घटना में मौत हो गई। मृतक की पहचान अकाश गुप्ता पुत्र विजय गुप्ता के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बुधवार की शाम अकाश किसी कार्य से दुदही गया था, तभी रास्ते में एक तेज़ रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अकाश सड़क पर बुरी तरह से घायल होकर गिर पड़ा। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, ईलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव के लोग परिजनों को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं, लेकिन किसी की भी आंखें नम हुए बिना नहीं रह पा रही हैं।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर विशुनपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन व चालक की तलाश में जुट गई है।
गांव में शोक की लहर
इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां सड़क पर गति सीमा और सुरक्षा व्यवस्था का कोई पालन नहीं होता, जिससे इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द दोषी वाहन चालक को गिरफ्तार किया जाए और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।
मांग उठी – सड़क पर लगे सीसीटीवी और स्पीड ब्रेकर
घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों ने यह भी मांग की है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और स्पीड ब्रेकर बनाया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



















