

धनबाद
कतरास : भारतीय क्लब कतरासगढ़ में कतरास नागरिक मंच द्वारा 21 सितंबर को आयोजित होने वाली “कतरास कोयलांचल में भू-धसान : कारण एवं निदान” विषयक परिचर्चा को लेकर रविवार को प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए समाजसेवी सह पूर्व बियाडा अध्यक्ष विजय कुमार झा ने कहा कि अवैध खनन के कारण कोयलांचल में रोजाना भू-धसान और जमींदोह की घटनाएं घट रही हैं। इन हादसों में आम लोग अपनी जान गंवा रहे हैं।
श्री झा ने कहा कि इस स्थिति के लिए बीसीसीएल, डीजीएमएस और जिला प्रशासन की मिलीभगत जिम्मेदार है। उन्होंने नारा दिया – “CISF हटाओ, BCCL बचाओ”। झा ने मांग की कि माइंस एक्ट की धारा 128 लागू की जाए, उत्पादन के बाद जमीन का समतलीकरण हो और अवैध परिवहन रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
उन्होंने कई सुझाव भी दिए, जिनमें शामिल हैं – कोयला ढोने वाले वाहनों में GPS अनिवार्य हो, BCCL कोयला चोरी की सूचना देने के लिए टोल फ्री नंबर जारी करे और सूचना देने वालों को पुरस्कारस्वरूप 10,000 रुपये या कुल कीमत का 5% दिया जाए। इसके अलावा अवैध उत्खनन क्षेत्र में स्थानीय ग्रामीणों को वालंटियर के रूप में जोड़ा जाए, DGMS भूमिगत सर्वे कर श्वेत पत्र जारी करे, GM और प्रोजेक्ट ऑफिसर पर जवाबदेही तय की जाए तथा दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई हो।
श्री झा ने यह भी कहा कि चोरी के कोयले को रखने वाले गोदाम या फैक्ट्री को सील किया जाए, खनन क्षेत्र में ड्रोन निगरानी शुरू हो और ईमानदारी से काम करने वाले पुलिस या BCCL अधिकारियों का सार्वजनिक सम्मान किया जाए।
इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने भी कहा कि अवैध खनन से रोजाना लोगों की जान जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्पादन और परिवहन से जुड़े सभी लोग दोषी हैं, जिन पर मामला दर्ज होना चाहिए।
कार्यक्रम में अशोक प्रकाश लाल, उदय सिंह, बिनय सिंह, सुभाष बंसल, प्रभात मिश्रा, शंकर चौहान, अनुज सिन्हा उर्फ पलटू, सौकत खान, बिनोद सिंह, बलराम महतो, रामदास, अश्रु सिंह, सचिदानंद यादव समेत कई लोग मौजूद थे।










