
कटनी, रीठी।। GANESH UPADHYAY VANDE BHARAT LIVE TV NEWS KATNI MP.
रीठी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भरतपुर में दशहरे के दिन एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोकाकुल कर दिया। यहां स्थित बाराती तालाब में मामा के घर आए दो मासूम सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार ग्राम छोटा बरेहटा निवासी सुशील पटेल का 8 वर्षीय पुत्र शिवांश और 10 वर्षीय पुत्र वेदांत अपने मामा के घर दशहरा मनाने भरतपुर आए थे।
दोनों मासूम खेल-खेल में गांव के बाराती तालाब में नहाने चले गए, जहां डूबने से उनकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में दोनों सगे भाइयों के एक साथ मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांवभर में माहौल गमगीन हो गया। दशहरे की खुशियां मातम में बदल गईं और हर किसी की आंखें नम हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही रीठी पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रीठी शासकीय अस्पताल भेजा और शव परीक्षण उपरांत लाश परिजनों को सौंप दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।











