
व्यापारियों को जीएसटी 2.0 से मिली राहत, दुद्धी में विधानसभा स्तरीय सम्मेलन में गूंजा “धन्यवाद मोदी सरकार” का नारा

व्यापारियों को जीएसटी 2.0 से मिली राहत, दुद्धी में विधानसभा स्तरीय सम्मेलन में गूंजा “धन्यवाद मोदी सरकार” का नारा
दुद्धी, सोनभद्र (राकेश कुमार कन्नौजिया)_
विधानसभा स्तरीय व्यापारियों का सम्मेलन बुधवार की दोपहर विकासखंड परिसर दुद्धी में बड़े ही उत्साह के साथ आयोजित हुआ। “जीएसटी मिला उपहार – धन्यवाद मोदी सरकार” थीम पर हुए इस कार्यक्रम में व्यापारी वर्ग ने सरकार द्वारा किए गए जीएसटी में सुधारों का स्वागत करते हुए केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एमएलसी श्याम नारायण सिंह उर्फ विनीत सिंह, विशिष्ट अतिथि एससी/एसटी आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, तथा भाजपा के जिला अध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
अतिथियों का स्वागत भाजपा नेता श्रवण सिंह गौड़ सहित अन्य पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ व मालाओं से किया।
मुख्य अतिथि विनीत सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने जनता की समस्याओं को देखते हुए जीएसटी व्यवस्था में ऐतिहासिक संशोधन किया है। पहले जीएसटी की दरें 5%, 12%, 18% और 28% थीं, जिन्हें घटाकर अब केवल 5% और 18% कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस सुधार से मध्यम वर्गीय और व्यापारी परिवारों को सीधी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य व्यापार को सरल बनाना और उपभोक्ताओं को राहत देना है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि जीएसटी नियमावली के तहत यदि कोई व्यापारी उपभोक्ताओं से अधिक मूल्य वसूलता है, तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम का संचालन मनोज मिश्रा ने कुशलतापूर्वक किया।
इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष अनिल गौतम, ब्लॉक प्रमुख रंजना चौधरी, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, जिला पंचायत सदस्य सुषमा गौड़, बीडीओ राम विशाल चौरसिया, राजन चौधरी, मंडल अध्यक्ष दीपक शाह, विंढमगंज मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी, पंकज गोस्वामी, अमरनाथ जायसवाल सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता व व्यापारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित व्यापारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार को “जनहितकारी और व्यापार हितैषी सरकार” बताते हुए “धन्यवाद मोदी सरकार” के नारे लगाए।











