
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में घूसखोर बाबू 25 हजार रुपये के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार
अजीत मिश्रा (खोजी)
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में घूसखोर बाबू 25 हजार रुपये के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार:- शामली
शामली/उत्तर प्रदेश।। दिनांक 30 अक्टूबर 2025 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी जिला शामली कार्यालय दफ्तर में व्याप्त भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार करते हुए, सहारनपुर उत्तर प्रदेश एंटी करप्शन थाने की टीम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में एक बड़ी कार्रवाई की। एंटी करप्शन टीम ने स्टोरकीपर और चिकित्सा प्रतिपूर्ति पटल पर तैनात बाबू राकेश कुमार को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के भीतर करीब 11 बजे सुनियोजित ट्रैप प्लान के दौरान की गई। शिकायतकर्ता नोकुआँ रोड शामली आशीष कुमार ने एंटी करप्शन टीम को लिखित शिकायत की गयी थी। आशीष के पिता, सुरेंद्र कुमार गर्ग, राजस्व विभाग से सेवानिवृत्त थे, जिनका लंबी बीमारी के बाद 13 अगस्त 2025 को निधन हो गया था। परिवार ने दिवंगत पिता के सरकारी मेडिकल क्लेम की राशि प्राप्त करने के लिए सीएमओ कार्यालय में आवेदन किया था। चिकित्सा प्रतिपूर्ति पटल पर कार्यरत बाबू राकेश कुमार ने क्लेम फाइल को आगे बढ़ाने और पास करने के नाम पर परिवार से बार-बार रिश्वत की मांग की। जब पीड़ित परिवार ने रिश्वत देने से इनकार किया, तो राकेश कुमार ने जानबूझकर फाइल को लटकाना शुरू कर दिया।
राकेश कुमार बाबू की इस रिश्वत की मांग से परेशान होकर आशीष कुमार ने सहारनपुर/उत्तर प्रदेश स्थित एंटी करप्शन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही एंटी करप्शन टीम ने जल्द हीं कार्रवाई की योजना बनाई और सटीक प्लान के साथ ट्रैप बिछाया। शिकायतकर्ता द्वारा चिह्नित नोटों का उपयोग किया गया। ओर जैसे ही राकेश कुमार ने लालचवश रिश्वत की यह राशि स्वीकार की, पहले से तैनात एंटी करप्शन टीम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय शामली के अंदर ही छापा मारकर घुस खोर बाबू राकेश कुमार को मौके पर धर दबोच लिया गया। एंटी करप्शन सहारनपुर थाना टीम आरोपी राकेश कुमार को लेकर शामली के थाना आदर्श मंडी शामली पहुँची, जहाँ पर प्राथमिकी दर्ज एवं अन्य वैधानिक औपचारिकताएं पूर्ण की जा रही है। राकेश कुमार मूल रूप से लखनऊ का निवासी है जो विगत डेढ़ वर्षों से शामली जनपद में सीएमओ कार्यालय में तैनात था। राकेश कुमार के पास स्टोरकीपर का अतिरिक्त प्रभार पर भी नियुक्त था।
थाना आदर्श मंडी शामली के प्रभारी निरीक्षक बीनू चौधरी ने मीडिया को बताया गया कि उनकी टीम एंटी करप्शन टीम का पूर्ण सहयोग कर रही है, और दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। एंटी करप्शन की टीम के द्वारा इस तरह की कार्रवाई ने सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता की कमी और भ्रष्टाचार की प्रवृत्ति को उजागर किया है।



















