A2Z सभी खबर सभी जिले की

टूंडला से दुखद घटना मासूम राहुल की लापरवाही ने ली जान ट्रैक्टर के हेरो में फंसकर किशोर की दर्दनाक मौत, चालक व मालिक फरार

टूंडला से दुखद घटना
मासूम राहुल की लापरवाही ने ली जान ट्रैक्टर के हेरो में फंसकर किशोर की दर्दनाक मौत, चालक व मालिक फरार

फ़िरोज़ाबाद। थाना टूंडला क्षेत्र के गांव नगला तेजपाल में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने पूरे गांव को दहला दिया। खेत में जुताई के दौरान 14 वर्षीय राहुल यादव, पुत्र चंद्रशेखर यादव, की ट्रैक्टर के हेरो में फंसकर मौत हो गई।

सूत्रों के अनुसार, ट्रैक्टर चालक खेत की ओर जा रहा था। रास्ते में उसने गांव के ही राहुल को दुकान से तंबाकू लाने के लिए कहा। जब किशोर तंबाकू लेकर लौटा, तो चालक ने उसे ट्रैक्टर पर बैठने के लिए कहा। कुछ ही दूर जाते ही राहुल अचानक फिसल गया और पीछे लगे लोहे के हेरो में फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद गांव में मातम छा गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता का आरोप है कि ट्रैक्टर चालक और मालिक की लापरवाही से उनके बेटे की जान गई। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही थाना टूंडला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच-पड़ताल में जुट गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में काम के दौरान इस तरह बच्चों को ट्रैक्टर के आसपास नहीं रहने देना चाहिए। अगर समय रहते सावधानी बरती जाती, तो शायद राहुल की जान बचाई जा सकती थी।

Back to top button
error: Content is protected !!