
Sonbhadra news:लोकसभा में गूँजी आदिवासियों के एसटी आरक्षण की आवाज, दुद्धी में खुशी की लहर — सपाइयों व आदिवासियों ने जताया हर्ष
लोकसभा में गूँजी आदिवासियों के एसटी आरक्षण की आवाज, दुद्धी में खुशी की लहर — सपाइयों व आदिवासियों ने जताया हर्ष 
दुद्धी/सोनभद्र। (राकेश कुमार कन्नौजिया)
प्रदेश में पंचायत चुनाव का माहौल गर्म है और इसी बीच आदिवासी समाज के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। एस.टी. आरक्षण बहाली को लेकर लंबे समय से संघर्षरत आदिवासियों की आवाज अब लोकसभा सदन तक पहुँच चुकी है। जनपद सोनभद्र के लोकप्रिय सांसद छोटे लाल खरवार ने संसद में आदिवासियों के एस.टी. आरक्षण मुद्दे पर जोरदार तरीके से अपनी बात रखी, जिसे लेकर पूरे जिले में उत्साह का माहौल है।
बीते दिनों दुद्धी तहसील मुख्यालय पर समाजवादी पार्टी के बघाडू जिला पंचायत सदस्य जुबेर आलम की अगुवाई में सैकड़ों आदिवासियों ने जुलूस निकालकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था। आदिवासी आरक्षण बहाली की मांग को लेकर उठाई गई यह आवाज अब राष्ट्रीय मंच पर चर्चा का विषय बन चुकी है।
सांसद द्वारा सदन में एस.टी. आरक्षण की मांग उठाए जाने पर दुद्धी क्षेत्र सहित पूरे जनपद में हर्ष की लहर दौड़ गई है। आदिवासी समाज और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है।
जिला पंचायत सदस्य जुबेर आलम ने कहा कि—
“आदिवासियों के आरक्षण को लेकर जो संघर्ष हम सभी ने किया, उसे सदन में मजबूती से उठाकर हमारे माननीय सांसद भाई कुँवर छोटे लाल खरवार जी ने आदिवासी समाज का मान बढ़ाया है। पूरे आदिवासी समाज की ओर से और मेरी व्यक्तिगत तरफ से सांसद जी को दिल से बधाई और धन्यवाद।”
आदिवासी समाज को उम्मीद है कि सदन में उठी यह आवाज जल्द ही एक सकारात्मक निर्णय का मार्ग प्रशस्त करेगी।




