
16/12/2025

सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत चांद प्रखंड में गरीब बुजुर्गों को मिला राहत, बीडीओ ने किया कंबल वितरण
चांद (कैमूर)।
सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में चांद प्रखंड प्रशासन द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीमान मो. हदीद खान के नेतृत्व में चांद प्रखंड कार्यालय परिसर में गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद बुजुर्गों के बीच कंबल का वितरण किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ठंड के मौसम में बुजुर्गों को राहत प्रदान करना एवं उन्हें सामाजिक सुरक्षा का भरोसा देना रहा।
कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में वृद्धजन उपस्थित रहे। बीडीओ श्री मो. हदीद खान ने कहा कि सरकार की मंशा है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। ठंड के इस मौसम में बुजुर्गों को कंबल उपलब्ध कराना मानवीय कर्तव्य के साथ-साथ प्रशासन की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत आगे भी ऐसे जरूरतमंद लोगों को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। लाभार्थियों ने प्रखंड प्रशासन के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि ठंड से बचाव के लिए यह सहायता उनके लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। कंबल पाकर बुजुर्गों ने सरकार और स्थानीय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रखंड कर्मियों के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशील प्रशासन का उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)









