
16/12/2025

चैनपुर में नव प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन के लिए भूमि पूजन संपन्न
चैनपुर।
आज चैनपुर प्रखंड में नव प्रखंड कार्यालय सह अंचल कार्यालय भवन के निर्माण को लेकर भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस शुभ अवसर पर बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री श्री मोहम्मद जमा ख़ान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मंत्री ने विधिवत नारियल फोड़कर एवं पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
भूमि पूजन समारोह में चैनपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), अंचलाधिकारी (CO), कार्यपालक अभियंता (Executive Engineer) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री मोहम्मद जमा ख़ान ने कहा कि नव प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन के निर्माण से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी तथा आम जनता को एक ही परिसर में विभिन्न सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे लोगों को सरकारी कामों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और पारदर्शिता के साथ कार्य संपन्न होंगे।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि भूमि पूजन के पश्चात भवन निर्माण कार्य जल्द से जल्द प्रारंभ किया जाएगा। प्रस्तावित भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा, जिससे प्रखंड एवं अंचल स्तर के कार्यों के निष्पादन में सहूलियत होगी।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि यह भवन चैनपुर प्रखंड के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगा। भूमि पूजन कार्यक्रम के साथ ही क्षेत्र में विकास को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)










