दरभंगाबिहार

गौड़ाबौराम में रोजगार सह मार्गदर्शन मेला, युवाओं के लिए सुनहरा अवसर

गौड़ाबौराम में रोजगार सह मार्गदर्शन मेला 23 दिसंबर को, युवाओं के लिए नौकरी और स्वरोजगार के अवसरों का सुनहरा मौका।

दरभंगा, 22 दिसंबर 2025।
दरभंगा जिले के गौड़ाबौराम प्रखंड में युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोजगार सह मार्गदर्शन मेला आयोजित किया जा रहा है। प्रखंड कार्यालय के तत्वावधान में यह मेला मंगलवार, 23 दिसंबर 2025 को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक खेल मैदान, खोड़ा गाछी, बिरौल में आयोजित होगा।

यह रोजगार सह मार्गदर्शन मेला जीविका के माध्यम से दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना (DDU-GKY) के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। मेले में 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियाँ भाग लेकर विभिन्न निजी कंपनियों एवं संस्थानों द्वारा उपलब्ध रोजगार, स्वरोजगार और कौशल प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। मेले के दौरान युवाओं का पंजीकरण किया जाएगा तथा चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रक्रिया के अगले चरण के लिए आगे बढ़ाया जाएगा। कई कंपनियों द्वारा योग्य उम्मीदवारों को ऑन द स्पॉट नियुक्ति पत्र भी दिए जाने की संभावना है।

रोजगार मेले में सिक्योरिटी सेक्टर से हॉप केयर, सेल्स क्षेत्र से नवभारत फर्टिलाइजर, एलएनजे कंपनी, बीमा क्षेत्र से एल.आई.सी., आमधनी, आगा खान फाउंडेशन सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियाँ भाग लेंगी। इसके अलावा जिला ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) द्वारा युवाओं को स्वरोजगार से संबंधित प्रशिक्षण एवं पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

जीविका की जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. ऋचा गार्गी ने बताया कि यह मेला युवाओं के लिए रोजगार, स्वरोजगार एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण के अवसरों को समझने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के अंतर्गत संचालित प्रशिक्षण संस्थानों में निःशुल्क आवास, भोजन और प्रशिक्षण की सुविधा प्रदान की जाती है। वहीं, संचार प्रबंधक राजा सागर ने कहा कि अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कौशल रथ के माध्यम से गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों और जीविका दीदियों के सहयोग से भी युवाओं तक इस मेले की जानकारी पहुँचाई गई है।

Sitesh Choudhary

चढ़ते हुए सूरज की परस्तिश नहीं करता, लेकिन, गिरती हुई दीवारों का हमदर्द हूँ।
Back to top button
error: Content is protected !!