A2Z सभी खबर सभी जिले कीकोटाराजस्थान
Trending

कोटा रेल मंडल के तकनीशियन घासीराम मीणा ने इंदौर मैराथन में बढ़ाया कोटा का गौरव

10 किलोमीटर दौड़ में 40–50 आयु वर्ग में प्रथम स्थान, स्वर्ण पदक किया हासिल

कोटा। कोटा रेल मंडल के अंतर्गत कोटा स्थित माल डिब्बा मरम्मत कारखाना में कार्यरत तकनीशियन घासीराम मीणा ने खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कोटा रेल मंडल एवं रेलवे परिवार का नाम रोशन किया है। यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया, इंदौर द्वारा दिनांक 1 फरवरी 2026 को इंदौर में आयोजित 10 किलोमीटर मैराथन प्रतियोगिता में उन्होंने 40 से 50 वर्ष आयु वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता।

प्रतियोगिता में घासीराम मीणा ने 10 किलोमीटर की दौड़ 37 मिनट 17 सेकंड में पूरी कर पोडियम फिनिश दर्ज की। उनका यह प्रदर्शन यह दर्शाता है कि कोटा रेल मंडल के कर्मचारी अपने नियमित रेल सेवा दायित्वों के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस और खेल गतिविधियों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।

घासीराम मीणा वर्तमान में कोटा रेल मंडल के अंतर्गत माल डिब्बा मरम्मत कारखाना, कोटा में तकनीशियन के पद पर कार्यरत हैं। निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के बल पर उन्होंने यह उपलब्धि अर्जित की है, जो मंडल के अन्य रेल कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व दिनांक 25 जनवरी 2026 को नागपुर में आयोजित 10 किलोमीटर मैराथन प्रतियोगिता में भी घासीराम मीणा ने भाग लेकर चौथा स्थान प्राप्त किया था। लगातार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उनका प्रदर्शन कोटा रेल मंडल के कर्मचारियों की खेल प्रतिभा और स्वास्थ्य-जागरूकता को रेखांकित करता है।

Back to top button
error: Content is protected !!