A2Z सभी खबर सभी जिले की

नारी शक्ति वंदन अभियान के अंतर्गत जनपद महराजगंज में जागरूकता कार्यक्रमों का प्रभावी आयोजन किया गया

FB IMG 1776492205455

महराजगंज।

नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत छात्राओं ने बनाई भारत की मानव श्रृंखला, महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश

नारी शक्ति वंदन अभियान के अंतर्गत जनपद महराजगंज में जागरूकता कार्यक्रमों का प्रभावी आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की लगभग 250 छात्राओं ने जिला क्रीड़ा स्टेडियम धनेवा-धनेई में एक प्रेरणादायक मानव श्रृंखला बनाकर भारत का नक्शा तैयार किया और नारी शक्ति वंदन विधेयक के समर्थन में अपनी एकजुटता दिखाई।

FB IMG 1776492201618
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने लोकसभा में प्रस्तुत नारी शक्ति वंदन विधेयक का स्वागत करते हुए कहा कि इसके पारित होने से महिलाओं की भागीदारी नीति निर्माण और निर्णय प्रक्रिया में और अधिक मजबूत होगी। छात्राओं ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
इस अवसर पर उपस्थित जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला सूचना अधिकारी ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में इस अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य बालिकाओं एवं समाज में महिलाओं की भूमिका को लेकर जागरूकता बढ़ाना है।
जिला सूचना अधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद के पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों और परिषदीय विद्यालयों सहित कई स्थानों पर मानव श्रृंखलाएं बनाकर नारी शक्ति वंदन विधेयक और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं के प्रति जनजागरूकता फैलाई जा रही है। इसके अलावा विद्यालयों में कला प्रदर्शनी, वाद-विवाद प्रतियोगिता, निबंध लेखन जैसे रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से अभियान को और व्यापक रूप दिया जा रहा है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि 20 अप्रैल तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर महिलाओं की सशक्त भूमिका को बढ़ावा दिया जाएगा और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के महत्व को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
यह अभियान जनपद में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने और समाज में महिलाओं की भागीदारी को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!