A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

खरगोन न्यूज – किसानों की सुविधा व पारदर्शिता को लेकर कलेक्टर का औचक निरीक्षण

किसानों की सुविधा व पारदर्शिता को लेकर कलेक्टर का औचक निरीक्षण

गेहूं–चना उपार्जन, उर्वरक भण्डारण व सिंचाई परियोजना की व्यवस्थाओं की समीक्षा

समस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए सख्त निर्देश

खरगोन 23 अप्रैल 2026।कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल द्वारा किसानों के हित में गेहूं, चना उपार्जन एवं उर्वरक भण्डारण व्यवस्थाओं का सतत निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर सुश्री मित्तल ने झिरन्या कृषि उपज मंडी पहुंचकर गेहूं एवं चना उपार्जन केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सुश्री मित्तल ने उपार्जन केन्द्रों पर भण्डारित गेहूं एवं चना का समयबद्ध परिवहन सुनिश्चित करने, हम्मालों तथा तौल कांटों की पर्याप्त व्यवस्था रखने तथा कृषकों की स्लॉट बुकिंग की सम्पूर्ण प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश राजस्व, खाद्य एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों को दिए। इस दौरान किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा मौके पर ही निराकरण के निर्देश दिए गए।

इसके पश्चात् भीकनगांव में उर्वरक भण्डारण एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई। कलेक्टर सुश्री मित्तल ने निर्देशित किया कि किसान अग्रिम रूप से उर्वरकों का उठाव करें तथा जिले को आवंटित उर्वरक का पूर्ण भण्डारण प्राथमिकता से समितियों में एवं तत्पश्चात् मार्कफेड में किया जाए। साथ ही भण्डारण क्षमता बढ़ाने के लिए अतिरिक्त गोदामों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर सुश्री मित्तल द्वारा बिंजलवाड़ा सिंचाई परियोजना अंतर्गत ग्राम खारवी के पंप नंबर–04 का भ्रमण कर परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई। इस अवसर पर किसानों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

निरीक्षण के दौरान उप संचालक कृषि श्री एसएस राजपूत, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री लोकेश छापरे, क्षेत्रीय प्रबंधक मार्कफेड श्री अर्पित तिवारी, जिला विपणन अधिकारी श्री रोहित श्रीवास्तव, जिला आपूर्ति अधिकारी श्री एचएस मुवेल, तहसीलदार श्री केएस चौहान एवं श्री रविन्द्र चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!