
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा ✅ गढ़वा: जिले की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। सत्येंद्रनाथ तिवारी के खिलाफ गढ़वा सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह मामला पूर्व मंत्री मिथलेश ठाकुर की शिकायत पर दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने एक यूट्यूबर को दिए गए इंटरव्यू में पूर्व मंत्री मिथलेश ठाकुर के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक और विवादित टिप्पणी की थी। इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में पहले से ही चर्चा तेज थी। इसी बयान को आधार बनाते हुए मिथलेश ठाकुर ने थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विधायक के बयान से उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को गंभीर नुकसान पहुंचा है, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। इसे मानहानि और आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला बताते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। संबंधित इंटरव्यू, वीडियो और अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है, ताकि तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।
इधर, इस घटनाक्रम के बाद गढ़वा की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच भी आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है।
फिलहाल, पूरे जिले की नजर इस मामले की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है।





