
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा ✅ गढ़वा: केतार थाना क्षेत्र के परती गांव स्थित मध्य विद्यालय के पीछे एक घर से युवती का शव मिलने की सूचना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही केतार थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने बताया कि निर्मल सिंह के घर से पिछले कुछ समय से तेज दुर्गंध आ रही थी। शक होने पर आसपास के लोगों ने घर के अंदर झांककर देखा, जहां एक शव दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

घटना की खबर फैलते ही मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे गांव में दहशत और चर्चा का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह, भवनाथपुर इंस्पेक्टर गुलाब सिंह, केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी एवं अंचलाधिकारी प्रशांत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

स्थानीय लोगों की पहचान के आधार पर मृतका की पहचान निर्मल सिंह की 17 वर्षीय पुत्री आकृति कुमारी के रूप में की गई है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज चुकी है तथा मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है। खबर लिखे जाने तक मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी का माहौल बना हुआ है।





