

धार जिला ब्योरा गोपाल मारु की रिपोर्ट 9993454360
धार ।बदनावर तहसील के ग्राम इंद्रावल में दो मासूम बालिकाओं की सांप के काटने से हुई दर्दनाक मौत के बाद एक ऐसा विचित्र घटनाक्रम सामने आया, जिसने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। जिस सांप ने दोनों बच्चियों को डसा था, वह पूरे दिन परिवार की मोटरसाइकिल में छिपा बैठा रहा और शाम को अचानक बाहर निकल आया। इसके बाद गांव में दहशत फैल गई और ग्रामीणों ने सांप को मार दिया।जानकारी के अनुसार मंगलवार रात अंतिम पहर में चौधरी परिवार की दो मासूम बालिकाओं वैदिका और योगिता को सांप ने काट लिया था। देर रात जब बच्चियों की तबीयत बिगड़ने लगी, तब पिता महेश चौधरी तुरंत एक बच्ची को मोटरसाइकिल से लेकर बिडवाल की ओर रवाना हुए। इसी दौरान घर से फोन आया कि दूसरी बच्ची की हालत भी गंभीर हो रही है।इसके बाद परिवार ने तत्काल एक चारपहिया वाहन बुलाया और दोनों बच्चियों को लेकर बदनावर उपचार के लिए रवाना हो गए। इस बीच महेश ने अपनी मोटरसाइकिल बिडवाल में एक छायादार स्थान पर खड़ी कर दी थी। परिवार पूरी तरह बच्चियों को बचाने की कोशिश में जुटा रहा, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद दोनों मासूमों की जान नहीं बच सकी। इस हादसे ने माता-पिता की दुनिया उजाड़ दी।बताया जा रहा है कि दिनभर घटनाक्रम और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के बाद बुधवार शाम को महेश का छोटा भाई वही मोटरसाइकिल वापस इंद्रावल लेकर आया। बाइक को उसी नए मकान के सामने खड़ा किया गया, जहां की छत पर दोनों बच्चियां सोई हुई थीं और जहां यह दुखद हादसा हुआ था।उस समय परिवारजन, रिश्तेदार और दूसरे गांवों से आए लोग घर के बाहर बैठकर घटना को लेकर चर्चा कर रहे थे। सभी के मन में यही सवाल था कि आखिर सांप घर तक पहुंचा कैसे। करीब शाम 7:30 बजे अचानक बाइक के भीतर से सांप बाहर निकल आया। सांप को देखते ही वहां अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने पहचान की कि यही वही सांप है, जिसने दोनों बच्चियों को काटा था। बाद में लोगों ने उसे मार दिया।ग्रामीणों का कहना है कि वैदिका और योगिता अक्सर घर के बाहर खड़ी इसी बाइक पर खेलती और बैठती थीं। किसी को अंदेशा भी नहीं था कि उसी वाहन में मौत बनकर सांप छिपा बैठा है। यह विचित्र और दर्दनाक घटनाक्रम अब पूरे गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।घटना के बाद पूरे इंद्रावल गांव में शोक और भय का माहौल है। हर कोई इस दर्दनाक हादसे को सुनकर स्तब्ध है।















