A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेधनबाद

बांसजोड़ा गोलीकांड में घायल किशुन रवानी की मौत, इलाके में तनाव; 9 आरोपी गिरफ्तार

लोयाबाद के बांसजोड़ा में कोयला विवाद बना खूनी संघर्ष, घायल किशुन रवानी ने तोड़ा दम
आजसू-कांग्रेस समर्थकों की भिड़ंत में एक की मौत, पुलिस ने 9 लोगों को भेजा जेल
बांसजोड़ा हिंसा मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी अब भी फरार

धनबाद : लोयाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत बांसजोड़ा बस्ती में कोयला विवाद को लेकर बुधवार को आजसू समर्थकों और कांग्रेस समर्थकों के बीच हुए खूनी संघर्ष में घायल किशुन रवानी की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि जमकर मारपीट और फायरिंग शुरू हो गई। गोलीबारी में किशुन रवानी और विष्णु प्रमाणिक गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान किशुन रवानी ने दम तोड़ दिया।
मामले को लेकर ग्रामीण एसपी ने लोयाबाद थाना परिसर में प्रेस वार्ता कर बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत एवं पुलिस पदाधिकारी के बयान के आधार पर कुल तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पुलिस ने घटनास्थल से 6 क्षतिग्रस्त चारपहिया वाहन, एक देशी पिस्टल तथा 3 जिंदा गोली बरामद की है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में रजनी रवानी, राजेश कुमार महतो, धर्मेंद्र महतो, मेराज अंसारी, अमित महतो, करण यादव, जितेंद्र कुमार सिंह उर्फ आयुष, कुंदन सिंह तथा सुनील कुमार शामिल हैं।
वहीं इस मामले का मुख्य आरोपी हीरालाल महतो अब भी पुलिस गिरफ्त से बाहर बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

Back to top button
error: Content is protected !!