

सागर/वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समूचे बुंदेलखंड का मान बढ़ाया है। महाविद्यालय के सांस्कृतिक दल ने भोपाल के लाल परेड मैदान और दिल्ली के ऐतिहासिक ‘कर्तव्य पथ’ पर आयोजित समारोहों में लोक नृत्य ‘बधाई’ की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की जमकर सराहना बटोरी। भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में महाविद्यालय के गिरराज अहिरवार, डॉली प्रजापति, राहुल अहिरवार, सोनम अहिरवार, सुमित रैकवार, अमन पटेल, विशेष पटेल और तनु जैन के दल ने ‘बधाई’ नृत्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इन कलाकारों की जीवंत प्रस्तुति और कलात्मक कौशल से प्रभावित होकर मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें मंच पर ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इसी कड़ी में, दिल्ली के ‘कर्तव्य पथ’ पर भी महाविद्यालय की छात्राओं ने तुलसीराम पटेल और शारदा रावत के नेतृत्व में अपनी कला का प्रदर्शन किया। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच दिल्ली के इस दल में शारदा रावत, मानसी रैकवार, शालिनी गोहिया, डाली पटेल, सिवनी पटेल, अनुष्का पटेल, जानवी अहिरवार, काजल जाटव, आरती पटेल, आरती साहू, निधि पटेल, एकता पटेल, वैशाली पटेल, रितिका श्रीवास्तव, महक श्रीवास्तव, अंजली पटेल, खुशबू सेन, भावना रजक और कौशल्या पटेल सहित छात्राओं के इस दल ने बुंदेली लोक नृत्य के माध्यम से राष्ट्रीय मंच पर समां बांध दिया। छात्र-छात्राओं की इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि, “हमारे विद्यार्थियों ने अपनी कड़ी मेहनत और कला के प्रति समर्पण से न केवल महाविद्यालय, बल्कि पूरे सागर संभाग का नाम रोशन किया है। राज्य और राष्ट्रीय स्तर के मंचों पर प्रथम स्थान प्राप्त करना गौरव की बात है। महाविद्यालय प्रशासन सदैव विद्यार्थियों की ऐसी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।” वहीं, प्रशासनिक अधिकारी इमराना सिद्दीकी, राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. संगीता मुखर्जी और स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन केंद्र की संयोजक प्रतिभा जैन ने भी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का स्वागत कर उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।











