A2Z सभी खबर सभी जिले की

दुद्धी में पुलिस–बदमाश मुठभेड़ 25 हजार का इनामिया सूरज चंद्रवंशी पैर में गोली लगने से घायल, जिला अस्पताल रेफर

दुद्धी सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_कोतवाली क्षेत्र में रविवार की तड़के पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामिया बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाश को पैर में गोली मारकर घायल कर दिया। घायल बदमाश की पहचान सूरज चंद्रवंशी (22 वर्ष) पुत्र उदय चंद्रवंशी निवासी घिवहीं, थाना विंढमगंज के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक जनवरी 2026 को गोवध से संबंधित मामले में कोतवाली पुलिस द्वारा मुकदमा पंजीकृत किया गया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
रविवार की भोर लगभग चार बजे पुलिस टीम गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में खजूरी गांव से अमवार जाने वाले मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग अंडरपास के समीप पहुंची। इसी दौरान पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया।
घायल अवस्था में उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
मौके पर क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय, कोतवाल धर्मेंद्र कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक कुँवर सिंह, कस्बा चौकी प्रभारी हरिकेश राम आजाद सहित कोतवाली पुलिस की टीम मौजूद रही। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!