
ग्वालियर, कार्यपालक अध्यक्ष राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के दिशा-निर्देशानुसार ग्वालियर जिले में भी इस साल की तीसरी नेशनल लोक अदालत शनिवार को आयोजित हुई। जिले में जिला मुख्यालय ग्वालियर पर जिला न्यायालय, कुटुबं न्यायालय,श्रम न्यायालय, रेलवे न्यायालय व जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग में नेशनल लोक अदालत का आयोजन हुआ। साथ ही सिविल न्यायालय डबरा व भितरवार में भी लोक अदलात आयोजित की गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में आयोजित नेशनल लोक अदालत के लिए गठित 73 खंडपीठों ने 8 हजार 122 मामलों में राजीनामा कराकर आपसी समझौते के आधार पर निराकरण कराया गया। साथ ही 68 करोड 46 लाख 28 हजार से ज्यादा राशि के अवार्ड पारित किए गए। नेशनल लोक अदालत से जिले में 10785 हजार व्यक्तियों को लाभांवित कराया गया।
प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ग्वालियर श्री पी सी गुप्ता द्वारा शनिवार को प्रातः 10.30 बजे माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर नेशनल लोक अदालत का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री आशीष दवंडे, समस्त जिला न्यायाधीश,मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री नितिन कुमार मुजाल्दा सहित समस्त व्यवहार न्यायाधीश,जिला विधिक सहायता अधिकारी,सिस्टम आफीसर, अधिवक्ता गण, सुलहकर्ता सदस्य,पैरा लीगल वालेंटियर्, जिला न्यायालय व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।
निराकृत प्रकरणों का ब्यौरा
जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री दीपक शर्मा ने बताया कि निराकृत किए गए मामलों में न्यायालयों में लंबित 1668 मामलों में लगभग 61 करोड 31लाख 16 हजार 346 की राशि के अवॉर्ड पारित हुए। इसके अलावा बैंक, नगरपालिका, विद्युत के 6 हजार 454 पूर्ववाद प्रकरणों में 7 करोड 15 लाख 11 हजार से अधिक की राशि लोक अदालत के माध्यम से वसूल की गई। निराकृत प्रकरणों में मोटर दुर्घटना के 297, चैक बाउंस के 285 , आपराधिक 620 , वैवाहिक 45 , सिविल127 , विद्युत के 156 प्रकरण,श्रम विभाग के 07 प्रकरण सम्मिलित रहे। इस बार नेशनल लोक अदालत के माध्यम से जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र प्रसाद शर्मा (प्रधान न्यायाधीश संवर्ग) द्वारा भी 16 मामले निराकृत किये गये। जिनमें 83 लाख 21 हजार 873 के अवार्ड पारित हुए।
न्याय वृक्ष के रूप में वितरित किए गए 500 छायादार व फल-फूलदार पौधे
नेशनल लोक अदालत में प्रकरणों का निराकरण कराने वाले पक्षकारों को वन विभाग के सौजन्य से न्याय वृक्ष के रूप में लगभग 500 छायादार,फूल एवं फलदार पौधे भी वितरित कराये गए। आईटीएम स्कूल ऑफ लॉ के स्टूडेंट्स द्वारा न्यायालय परिसर का भ्रमण कर नेशनल लोक अदालत की कार्यविधि भी जानी। साथ ही प्रधान जिला न्यायाधीश श्री पी सी गुप्ता से मार्गदर्शन भी प्राप्त किया।


