
दरभंगा में मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता योजना पर कार्यशाला आयोजित
दरभंगा, 16 मई 2025: अनुमंडल कार्यालय बिरौल के सभा कक्ष में अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी श्री राजीव कुमार की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता योजना को लेकर प्रखण्ड बिरौल एवं गौड़ाबौराम के विकास मित्रों के साथ कार्यशाला एवं बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री राजीव कुमार ने बताया कि योजना के तहत लोगों को घर-घर जाकर मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना और कुशल कार्यक्रम योजना की जानकारी दी जाएगी।
सहायक प्रबंधक, जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र दरभंगा, श्री ब्रह्म प्रकाश ने बताया कि मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना का लाभ 20 से 25 वर्ष के बीच के 12वीं पास युवक-युवतियों को मिलेगा, जो रोजगार की तलाश में हैं। इस योजना के तहत उन्हें अधिकतम 24 माह तक प्रति माह 1000 रुपये सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
इसके अलावा, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले युवाओं को 4 प्रतिशत और 1 प्रतिशत ब्याज दर पर अधिकतम 4 लाख रुपये तक शिक्षा ऋण दिया जाएगा। इच्छुक छात्र-छात्राएं डीआरसीसी केंद्र से निःशुल्क आवेदन कर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।
यह कार्यशाला राज्य सरकार की शिक्षा और रोजगार संवर्धन योजनाओं को प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




















