उत्तर प्रदेशबस्ती

निरीक्षण में दिखा सबकुछ सही, मगर जमीनी हकीकत अलग

✍️ अजीत मिश्रा (खोजी) ✍️ 

ग्रामीण पाइपलाइन पेयजल परियोजना: निरीक्षण में दिखा सबकुछ सही, मगर जमीनी हकीकत अलग

संतकबीरनगर (यूपी)

प्रदेश सरकार के वित्त विभाग के विशेष सचिव एवं जिले के नोडल अधिकारी संजीव सिंह ने शनिवार को महोबरा गांव में ग्रामीण पाइपलाइन पेयजल परियोजना की जमीनी हकीकत देखने के लिए दौरा किया। हालांकि, सरकारी तामझाम और अफसरों की सक्रियता के चलते निरीक्षण के दौरान सब कुछ दुरुस्त और चकाचक नजर आया। नोडल अधिकारी को इंटरलॉकिंग सड़कों की चमक, साफ-सुथरी नालियां और सुंदर मनरेगा पार्क की खूबसूरती ने खासा प्रभावित किया।

परंतु जैसे ही नोडल अधिकारी का काफिला गांव से वापस हुआ, ग्रामीणों की हकीकत सामने आने लगी। गांव में जगह-जगह लीकेज पाइप, गंदा पानी सप्लाई होने की शिकायतें और कई परिवारों को अब तक कनेक्शन न मिलने का दर्द, सबके चेहरे पर झलक पड़ा। सरकारी चौपाल में ग्रामीणों को खुलकर बोलने का मौका ही नहीं दिया गया, जिससे असल समस्याएं सामने नहीं आ पाईं।

निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी संजीव सिंह ने ग्रामीणों को साफ और सुरक्षित पानी के महत्व पर जोर देते हुए बीमारियों से बचाव के टिप्स दिए। उन्होंने गांव में लगे सभी मशीनों और मोटरों की भी बारीकी से जांच की और वृक्षारोपण कर ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मनरेगा पार्क की सुंदरता ने उन्हें काफी प्रभावित किया, और उन्होंने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सिद्धनाथ पांडेय के प्रयासों की सराहना की।

इस निरीक्षण में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, जल शक्ति मिशन के अधिशाषी अभियंता संजय जायसवाल, सहायक अभियंता जेएन यादव, डीसी मनरेगा प्रभात द्विवेदी, खंड विकास अधिकारी विवेकानंद मिश्र, एडीओ पंचायत मैनुद्दीन सिद्दीकी, एडीओ आईएसबी अभय कुमार सिंह, अवर अभियंता प्रशांत पटेल, एपीओ मेराजुल हक, ब्लॉक टीए संजय पांडेय, सचिव मंजूषा, संदीप शुक्ल, जयंत कुमार समेत कई लोग मौजूद रहे।

ग्रामीणों की आवाज़ को अनसुना न किया जाए, यही असली प्रगति का मार्ग है।

Back to top button
error: Content is protected !!