
बस्ती के रेस्टोरेंट में कुकर-फ्राइंग पैन से हुई जोरदार भिड़ंत
अजीत मिश्रा (खोजी)
बस्ती के रेस्टोरेंट में कुकर-फ्राइंग पैन से हुई जोरदार भिड़ंत, मारपीट का वीडियो वायरल; पुलिस ने मुख्य दबंग आरोपी को दबोचा
उत्तर प्रदेश में बस्ती जिले के एनएच-28 रोड पर कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मोहमाया रेस्टोरेंट के बाहर 2 पक्षों के बीच जोरदार मारपीट हुई, जो हैरान करने वाली थी। इस मारपीट में कोई तलवार या लाठी-डंडा नहीं, बल्कि रेस्टोरेंट में रखे कुकर और फ्राइंग पैन जैसे रसोई के सामान का इस्तेमाल किया गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
जानिए, क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के मुताबिक, नवनीत तिवारी नाम का शख्स सुबह नाश्ता करने के लिए मोहमाया रेस्टोरेंट पहुंचा था। उसी दौरान कार से आए कुछ दबंगों से उसकी किसी बात पर बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि वह मारपीट में बदल गई। इस दौरान कार सवार दबंगों ने रेस्टोरेंट में रखा कुकर हथियार की तरह पकड़ लिया। लेकिन स्थिति पलट गई। नवनीत और उसके साथी ने कुकर छीनकर अपनी सुरक्षा में कार सवार दबंगों पर हमला कर दिया। जिसके बाद दबंगों को भागना पड़ा।
पुलिस ने की कार्रवाई
मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद नवनीत ने कप्तानगंज पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर जांच की और मुख्य आरोपी प्रशांत कुमार और एक अन्य बाल अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। डिप्टी एसपी प्रदीप त्रिपाठी ने बताया कि विवाद रेस्टोरेंट पर खाने के दौरान हुआ था। कार से आए दबंगों ने नवनीत की पिटाई की थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।














