
।। ग्रामीण जेई पर बिना एस्टीमेट पोल लगाने का आरोप: रुधौली में शिकायत के बाद जांच टीम गठित।।
बस्ती- उत्तर प्रदेश
रुधौली।। विद्युत केंद्र रुधौली में तैनात ग्रामीण जेई मदन मोहन एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उन पर खम्हरिया गांव में बिना एस्टीमेट के विद्युत पोल लगाने का आरोप है। इस मामले में शिकायत के बाद जांच टीम गठित कर दी गई है।शिकायतकर्ता वीर प्रताप सिंह ने आरोप लगाया है कि जेई ने कई लोगों से पैसे लेकर पोल लगवाए हैं। उन्होंने इस संबंध में एक्सईएन अरुण सिंह से शिकायत की है।
यह पहली बार नहीं है जब जेई मदन मोहन विवादों में आए हैं। इससे पहले टिकरी आईटीआई स्कूल के पास बिना एस्टीमेट ट्रांसफार्मर लगाने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद विभागीय जांच के आदेश दिए गए थे। हालांकि, वह मामला कागजों तक ही सीमित रह गया था। ग्रामीणों द्वारा लगाए गए इन गंभीर आरोपों पर जेई मदन मोहन का कहना है कि पैसे लेने का आरोप निराधार है। उन्होंने बताया कि RDSS कंपनी द्वारा सभी गांवों में सर्वे के बाद पोल लगाए जा रहे हैं।
वहीं, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता रणजीत चौधरी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद एक जांच टीम का गठन कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाएगी।








