A2Z सभी खबर सभी जिले की

Sonbhadra news:पी.एम. श्री राजकीय इण्टर कॉलेज, गुरमुरा में धूमधाम से सम्पन्न हुआ भव्य वार्षिकोत्सव

सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_
अप्रैल 2022 से संचालित पी.एम. श्री राजकीय इण्टर कॉलेज, गुरमुरा सोनभद्र का वार्षिकोत्सव समारोह दिनांक 24 दिसंबर 2025 को अत्यंत धूमधाम, हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय परिसर उत्सव स्थल में तब्दील नजर आया, जहां विद्यार्थियों की प्रतिभा, संस्कार और सांस्कृतिक विविधता का भव्य प्रदर्शन देखने को मिला। IMG 20251225 WA0000

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अमर सिंह (प्रधानाचार्य, राजकीय हाई स्कूल, बेलहथी) रहे। समारोह का शुभारंभ ज्ञान-विज्ञान की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती के चित्र के समक्ष धूप-दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया। इसके पश्चात छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। अतिथियों के स्वागत में प्रस्तुत स्वागत गीत ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

इसके बाद छात्र-छात्राओं द्वारा एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य एवं प्रस्तुतियों की श्रृंखला प्रस्तुत की गई। देशभक्ति, सामाजिक सरोकार, सांस्कृतिक परंपराओं एवं लोकनृत्य पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। हर प्रस्तुति पर तालियों की गड़गड़ाहट से परिसर गूंज उठा।

विद्यालय के प्रधानाचार्य शुभांक सिंह ने मुख्य अतिथि अमर सिंह का माल्यार्पण कर, बुके भेंट करते हुए अंगवस्त्र से भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। अपने संबोधन में प्रधानाचार्य शुभांक सिंह ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं और आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।IMG 20251225 WA0000

समारोह के दौरान प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रधानाचार्य शुभांक सिंह द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मुख्य अतिथि अमर सिंह ने अपने उद्बोधन में विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में श्री गौरव सिंह, राज कुमार यादव, डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. अतुल कुमार सिंह, मुचकुंद दुबे, विजय कुमार मौर्य सहित विद्यालय के अन्य कर्मचारी, अभिभावक एवं क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक एवं यादगार बताया।IMG 20251224 WA0092

वार्षिकोत्सव के समापन पर धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

Back to top button
error: Content is protected !!