

निवाड़ी,निर्वाचन । निर्वाचन आयोग द्वारा मध्यप्रदेश में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की सूची जारी कर दी गई है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत मतदाता अपनी जानकारी की जांच ऑनलाइन कर सकते हैं। इसके लिए मतदाताओं को निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर जिला, विधानसभा और अपना बूथ क्रमांक दर्ज करना होगा, जिसके बाद वे संबंधित सूची डाउनलोड कर सकेंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री विनीता जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि SIR प्रक्रिया के तहत आज से बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) द्वारा घर-घर जाकर नोटिस की तामीली की जाएगी। बीएलओ संबंधित मतदाता को नोटिस सौंपने के साथ-साथ यह भी बताएंगे कि मतदाता को अपनी स्थिति के अनुसार कौन-कौन से दस्तावेज प्रस्तुत करने हैं।
उन्होंने बताया कि यदि कोई मतदाता मौके पर ही आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करा देता है, तो बीएलओ मोबाइल एप के माध्यम से दस्तावेज अपलोड कर देंगे। ऐसी स्थिति में मतदाता को सुनवाई की निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे समय और श्रम दोनों की बचत होगी।
ड्राफ्ट मतदाता सूची में जिन मतदाताओं का नाम शामिल नहीं है, या जिनकी आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, वे 22 जनवरी तक अपने संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर बीएलओ से फार्म-6 प्राप्त कर भर सकते हैं। फार्म जमा करते समय आवश्यक पहचान और आयु संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
जिले में बड़ी संख्या में नाम कटने के कारण नए नाम जोड़ने और सुधार कराने वाले मतदाताओं की संख्या में वृद्धि हुई है। इसी को देखते हुए मतदान केंद्रों पर फार्म-6 (नया नाम जोड़ने हेतु) तथा फार्म-8 (नाम में सुधार, पति का नाम जोड़ने, या पता परिवर्तन के लिए) की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।











