

सागर/वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री के निर्देशानुसार स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम द्वारा व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नगर के प्रमुख मार्गों, व्यावसायिक क्षेत्रों, बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन के आसपास के क्षेत्रों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुबह एवं रात्रि पाली में विशेष सफाई कराई जा रही है, जिससे शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।नगर निगम द्वारा गठित सफाई दल सुबह तड़के से ही मुख्य सड़कों, कॉलोनियों एवं सार्वजनिक स्थलों की सफाई ,कचरा संग्रहण का कार्य कर रहे हैं। वहीं रात की पाली में बाजार बंद होने के बाद सड़कों पर फैले कचरे, पॉलीथिन, गंदगी एवं अन्य अपशिष्ट को हटाया जा रहा है, ताकि अगली सुबह शहर स्वच्छ और सुंदर दिखाई दे। सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग स्वयं निगमायुक्त एवं संबंधित अधिकारी कर रहे हैं। इस दौरान नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए अपील भी की जा रही है कि वे दुकानों व घरों से निकलने वाले कचरे को डोर टू डोर कलेक्शन करने वाली कचरा गाड़ियों को दें उसे सड़कों व खुले स्थानों पर न डालें, गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखें तथा सार्वजनिक स्थलों को गंदा न करें। इसके साथ ही खुले में कचरा फेंकने, गंदगी फैलाने एवं प्रतिबंधित स्थानों पर थूकने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है। निगमायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्वच्छ सर्वेक्षण के मापदंडों का पालन करते हुए सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था एवं सार्वजनिक शौचालयों की स्वच्छता का नियमित निरीक्षण करें, कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा शिकायतों का त्वरित निराकरण करें। नगर निगम का उद्देश्य है कि सागर शहर को स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर बनाकर स्वच्छ सर्वेक्षण में उत्कृष्ट रैंक प्राप्त की जाए। इसके लिए निगम प्रशासन ने शहरवासियों से भी सहयोग की अपील की है कि वे नगर निगम के इस अभियान में सहभागी बनें और स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, जिससे सागर स्वच्छता की मिसाल बन सके,











