
*धनबाद /रांची :* नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने धनबाद के कुख्यात अपराधी प्रिंस खान द्वारा विदेश से जारी वीडियो को सोशल मीडिया के अपने एक्स हैंडल पर साझा कर राज्य सरकार पर हमला बोला।
मरांडी ने लिखा, ‘झारखंड के लोकतांत्रिक इतिहास में आज एक चिंताजनक स्थिति सामने आई है, जहां कानून की रक्षा करने वाली व्यवस्था खुद सवालों के घेरे में है।’
*वीडियो का प्रभाव*
मरांडी बोले, धनबाद क्षेत्र के एक कुख्यात अपराधी द्वारा कथित रूप से विदेश से जारी वीडियो ने प्रशासनिक तंत्र और माफिया गठजोड़ को लेकर कई गंभीर आरोपों को बहस का मुद्दा बना दिया है। यह मामला एक शख्स के बयान तक सीमित नहीं, बल्कि राज्य की कानून व्यवस्था व प्रशासनिक विश्वसनीयता पर बड़े प्रश्नचिह्न खड़े करता है। उन्होंने सीएम से भी इस पर सवाल पूछा है।
*आरोप और मांगें*
उन्होंने लिखा, धनबाद के एसएसपी पर लगाए गए आरोप गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि यदि ये आरोप थोड़े भी सच्चे हैं तो यह प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए भारी संकट है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल पूरा वीडियो वे मुख्यमंत्री को व्यक्तिगत रूप से उपलब्ध कराएंगे, ताकि सीएम ये न कह सकें कि उनको इसकी जानकारी नहीं थी। मरांडी ने संबंधित अधिकारी को तत्काल पद से हटाने, पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, माइनिंग माफिया, भूमि कब्ज़ा और प्रशासनिक संरक्षण से जुड़े सभी आरोपों की न्यायिक निगरानी में जांच कराने, दोषी पाए जाने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।






