
सागर। वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी,8225072664* मध्यप्रदेश पुलिस के वरिष्ठ एवं अनुभवी अधिकारी जयवीर सिंह भदौरिया ने आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय सागर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, बीना के पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। उनके सागर जिले में आगमन से पुलिस व्यवस्था को एक कुशल, अनुभवी एवं परिणामोन्मुख नेतृत्व प्राप्त हुआ है। भदौरिया वर्ष 2002 बैच के पुलिस अधिकारी हैं तथा अपने बैच के टॉपर रहे हैं। अपने लगभग ढाई दशक के गौरवशाली पुलिस सेवा अनुभव के दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए उत्कृष्ट प्रशासनिक क्षमता, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था प्रबंधन तथा जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। पदभार ग्रहण करने से पूर्व भदौरिया देवास जिले में लगातार तीन वर्षों तक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दे चुके हैं, जहां उन्होंने अपराध नियंत्रण, संगठित अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई एवं जनसुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए। उनकी कार्यशैली सदैव अनुशासन, संवेदनशीलता एवं परिणाम आधारित पुलिसिंग के लिए पहचानी जाती रही है। भदौरिया को बड़े धार्मिक एवं अंतरराष्ट्रीय महत्व के आयोजनों में सुरक्षा प्रबंधन का भी विशेष अनुभव प्राप्त है। वर्ष 2004 में उज्जैन जिले में प्रोबेशनर अधिकारी के रूप में पदस्थ रहते हुए उन्होंने सिंहस्थ महापर्व की व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। आगामी सिंहस्थ-2028 को देखते हुए उनका यह अनुभव सागर जिले के लिए भी उपयोगी माना जा रहा है। अपने सेवाकाल के दौरान भदौरिया ने चंबल अंचल में सीएसपी मुरैना एवं एसडीओपी सबलगढ़ के रूप में कार्य करते हुए उस दौर में सक्रिय रहे कुख्यात एवं दुर्दांत डकैत गिरोहों के विरुद्ध चलाए गए अभियानों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके नेतृत्व एवं रणनीतिक कार्यशैली ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त वे ग्वालियर, जबलपुर, इंदौर रीवा, जैसे बड़े एवं संवेदनशील शहरों में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। लंबे समय तक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दतिया के रूप में भी उन्होंने सफलतापूर्वक कार्य किया, जहां अपराध नियंत्रण, वीआईपी सुरक्षा, धार्मिक आयोजनों एवं संवेदनशील कानून-व्यवस्था संबंधी दायित्वों का कुशल संचालन किया। पदभार ग्रहण करने के उपरांत जयवीर सिंह भदौरिया ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता आमजन को त्वरित एवं प्रभावी न्याय दिलाना, अपराधों पर नियंत्रण स्थापित करना तथा जनता और पुलिस के बीच विश्वास को और मजबूत करना होगी। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। सागर पुलिस परिवार ने जयवीर सिंह भदौरिया का जिले में स्वागत करते हुए उनके सफल एवं जनोन्मुखी कार्यकाल की शुभकामनाएं व्यक्त की हैं।





