
डीएम ने सेमुआडीह पंचायत भवन का किया निरीक्षण
आय-जाति व निवास प्रमाण पत्र के बारे में ली जानकारी, निर्धारित शुल्क लेने के निर्देश
सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी ने डुमरियागंज तहसील के ग्राम पंचायत सेमुआडीह के पंचायत भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत सहायक से आय-जाति, निवास प्रमाण पत्र बनाने के बारे में जानकारी प्राप्त की। डीएम ने निर्देश दिए कि लोगों से निर्धारित शुल्क ही लिया जाए, अतिरिक्त पैसा वसूलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने सचिव से 15वां वित्त से कराए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। सचिव ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र का मरम्मत कार्य चल रहा है और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का
मरम्मत कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने मनरेगा कार्यों की स्थिति पर भी सवाल उठाए और इन कार्यों को शीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया।
पंचायत भवन में लाइब्रेरी और चकमार्ग कार्य का आदेश
डीएम ने पंचायत भवन में लाइब्रेरी की व्यवस्था शुरू करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने चकमार्ग के कार्य को भी तत्काल प्रारंभ करने की बात कही। इसके अलावा, नायब तहसीलदार को आरआरसी सेंटर और अन्नपूर्णा भवन के लिए जमीन चिन्हित करने का आदेश दिया।
सामुदायिक शौचालय और सफाई व्यवस्था
डीएम ने ग्राम पंचायत सेमुआडीह के सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने बताया कि शौचालय समय से खुलता है। डीएम ने नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने और अधिक से अधिक लोगों को इसका उपयोग करने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया।
उचित दर राशन की दुकान का निरीक्षण
डीएम ने ग्राम पंचायत सेमुआडीह की उचित दर राशन की दुकान का निरीक्षण किया। स्टॉक और रजिस्टर का मिलान किया गया और सभी व्यवस्थाएं सही पाई गईं। डीएम ने कोटेदार को निर्देश दिए कि राशन का वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए और किसी भी प्रकार की शिकायत न हो।
विद्यालय और मिनी स्टेडियम का निरीक्षण
डीएम ने प्राथमिक विद्यालय सेमुआडीह का निरीक्षण किया, जहां विद्यालय में टाइल्स लगाए गए थे। इसके बाद उन्होंने ग्राम पंचायत हल्लौर में निर्माणाधीन मिनी स्टेडियम का निरीक्षण किया। इसमें चेंजिंग रूम, दर्शक दीर्घा और ओपन जिम का निर्माण कार्य चल रहा है। डीएम ने निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण और समय पर पूरा करने का आदेश दिया।


