
बस्ती मंडल
प्राइवेट हॉस्पिटल में नर्स का शव मिला, हंगामा: संत कबीरनगर में परिजन बोले- शरीर को नोचा गया, संचालक ने रेप के बाद हत्या की
संतकबीर नगर
संत कबीरनगर के एक प्राइवेट अस्पताल में नर्स का शव मिला है। शव मरीजों वाले बेड पर था। शरीर पर चोट और गले पर खरोंचने के निशान मिले हैं। नर्स अस्पताल में नाइट ड्यूटी पर थी।
सूचना पाकर पहुंचे परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। कहा, बेटी के शरीर को नोचा गया है। बॉडी पर नाखून के निशान हैं। परिजनों ने अस्पताल संचालक रंजीत भारती पर रेप के बाद बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। रंजीत भारती मौके से फरार है।
उसकी तलाश में पुलिस जुटी है। अस्पताल के सभी सीसीटीवी चेक किए। साथ ही स्टाफ से भी पूछताछ की गई है। शव के पोस्टमॉर्टम का वीडियोग्राफी होगा। डॉक्टरों के पैनल से कराया जाएगा।
रात 11 बजे मां से की बात, कहा था- घर आ रही हूं ये मामला कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के टेमा रहमत का है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-28 पर सन्स हॉस्पिटल है। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 24 साल की लड़की अस्पताल में नर्स थी। अस्पताल से लड़की के गांव की दूरी 15 किमी है। वह एक साल से यहां नौकरी कर रही थी।
रोजाना की तरह नर्स सोमवार की रात 10 बजे अस्पताल पहुंची। 11 बजे उसने अपनी मां से फोन पर बात की। वह एक महीने बाद मंगलवार को ड्यूटी खत्म होने के बाद अपने घर जाने वाली थी। उसने मां को बताया था कि वह सुबह 8 बजे तक घर पहुंच जाएगी।
लेकिन, सुबह उसकी मौत की सूचना मिली। इसके बाद परिजन अस्पताल में पहुंचे। वहां पर हंगामा कर दिया। परिजनों का आरोप था कि उनकी बेटी की रात में हत्या कर दी गई है। परिजनों ने अस्पताल संचालक रंजीत भारती पर रेप के बाद बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। अस्पताल का संचालक मौके से फरार हो गया है।
हंगामे की जानकारी पाकर कोतवाली खलीलाबाद के प्रभारी निरीक्षक पंकज पांडेय फोर्स के साथ अस्पताल पहुंचे। सीओ अजीत चौहान, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। अफसरों ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया है।
मेरी बेटी घर आ रही थी, वो खुश थी- मां मृतका की मां का कहना है, मेरी बेटी को रंजीत भारती ने मार दिया है। वो यहां पर नौकरी करती थी। उसकी मुझसे बात हुई थी, वो खुश थी। 1 महीने बाद आज घर आ रही थी। उसको कोई बीमारी भी नहीं थी। साथ रहती तो किसी विवाद के बारे में पता चलता। पता नहीं क्यों उसने मेरी बेटी को मार दिया। पुलिस उसको पकड़े और उस पर सख्त कार्रवाई करे।
मरीज बोला- रात में कमरे से उठाकर वार्ड में लिटाया अस्पताल में भर्ती एक मरीज के तीमारदार ने बताया, नर्स एक कमरे में थी। कमरा अंदर से बंद था। अंदर क्या हो रहा था, हमें नहीं पता। नर्स 12 बजे मेरे मरीज की ड्रिप चेंज करने आई थी। सुबह हम लोग मरीज को देखने के लिए उनको बुलाने गए, तब मामले की जानकारी मिली। वहीं, एक मरीज ने बताया कि नर्स को कुछ लोगों ने रात में कमरे से उठाकर वार्ड में लिटा दिया।
एसपी बोले- पोस्टमॉर्टम से पता चलेगी मौत की वजह एसपी सत्यजीत गुप्ता ने बताया, नर्स की बॉडी अस्पताल के अंदर एक बेड पर पड़ी मिली है। बॉडी का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। पूरे मामले की जांच चल रही है। रेप के बाद हत्या का आरोप परिवार के लोग लगा रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद सारी चीजें साफ हो जाएंगी। हम लोग सीसीटीवी की मदद से मामले की जांच कर रहे हैं। अस्पताल संचालक और कर्मचारियों की तलाश की जा रही है।