
जनपदीय बाल क्रीड़ा का शुभारंभ… प्रतिभा दिखाएंगे होनहार
सिद्धार्थनगर। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में बृहस्पतिवार को 33वें जनपद स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा समारोह का आयोजन किया। दो दिन तक चलने वाले समारोह में ब्लॉकवार बच्चे विभिन्न खेल और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। मुख्य अतिथि सांसद जगदंबिका पाल ने समारोह का औपचारिक शुभारंभ बच्चों से मार्च पास्ट की सलामी लेकर व गुब्बारे हवा में छोड़कर किया।पिछले वर्ष की चैंपियन बढ़नी विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय बैरिहवा की मोहिनी ने मशाल लेकर मैदान का एक चक्कर लगाया और मुख्य अतिथि को सौंपा। इस मशाल से मुख्य मशाल को प्रज्ज्वलित किया। जिला व्यायाम शिक्षिका सीमा द्विवेदी ने सभी को क्रीड़ा शपथ दिलाई। खुनियांव विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय करही खास, उसका के कंपोजिट विद्यालय परसा खुर्द व नौगढ़ के कंपोजिट रेहरा व प्राथमिक बर्रोहिया खालसा के बच्चों की ओर से प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम को खूब सराहना मिली। इन बच्चों को सांसद द्वारा नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। बच्चों ने पीटी प्रदर्शन किया।सांसद ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में प्रतिभा की कमी नहीं है। बस उन्हें निखारने की जरूरत है। बच्चों के प्रदर्शन को देखकर लगता है कि शिक्षकों ने काफी मेहनत की है। भाजपा सरकार ने बेसिक शिक्षा की बेहतरी के लिए विशेष प्रयास किए हैं। प्रतिभागी बच्चों और टीमों को सफलता की शुभकामनाएं दीं।
















