
नागपुर शहर के प्राचीन स्वयंभू श्रीगणेश मंदिर टेकड़ी में 6 जनवरी को “तिल चतुर्थी” मनाया जायेगा
दर्शनार्थी भक्तजनों को गुड़- रेवड़ी से बना हुआ विशिष्ट प्रसाद बांटा जायेगा
वंदेभारतलाइवटीव न्युज/ समृद्धभारत ई समाचार पत्र
सोमवार 05 जनवरी 2026, नागपुर
=========> नागपुर शहर के टेकड़ी रोड पर स्थित भक्तों के आराध्य एवं प्राचीन स्वयंभू श्रीगणेश मंदिर में कल मंगलवार 06 जनवरी 2026 को “तिल चतुर्थी” का उत्सव मनाया जायेगा। कल 6 जनवरी मंगलवार को चतुर्थी तिथि पर अंगारक योग का संयोग भी बन रहा है। इसको ध्यान में रखते हुए टेकड़ी श्रीगणेश मंदिर कमेटी भारी संख्या में भक्तगणों के मंदिर में दर्शन के लिए आने की संभावना जता रही है। कल मंदिर में उत्सव का मुख्य आकर्षण केंद्र श्रीगणेश मंदिर का नवनिर्मित नया गर्भगृह रहेगा। प्राप्त जानकारी अनुसार टेकड़ी श्रीगणेश मंदिर का गर्भगृह करीब 750 किलोग्राम चांदी भव्य रूप दिया गया है। जानकारी अनुसार मंदिर ट्रस्ट ने कल उत्सव को ध्यान मे रखते हुए सुरक्षा और भक्तगणों के दर्शन के लिए व्यापक इंतजाम भी किए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कल मंगलवार को सुबह चार बजे मंगल महापूजा और आरती के साथ ही उत्सव की शुरुआत होगी। मंदिर में आने वाले श्रद्धालु भक्तजनों को आसानी से दर्शन सुलभ हो सके इसके लिए मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार से महिलाओं और पुरुषों के स्वतंत्र मार्ग भी बनाए गए हैं। मंदिर परिसर मे लगे हुए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जायेगी और दर्शन के लिए कतार में लगने वाले भक्तजनों को मंदिर की सभी व्यवस्थाओं की जानकारी देने के लिए एलईडी स्क्रीन वॉल एवं क्लोज सर्किट टीवी की व्यवस्था की गई है। मंदिर दर्शन के लिए आने वाले भक्तजनों की भीड़ को नियंत्रित करने हेतु मानस चौक से नागपुर रेलवे-स्टेशन तक का मार्ग दुपहिया और चार पहिया वाहनों के प्रवेश के लिए पूरी तरह से बंद रखा जायेगा। टेकड़ी श्रीगणेश मंदिर कमेटी ने मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले सभी श्रद्धालु भक्तजनों को अपने अपने वाहन टेकड़ीरोड पर रखने की सलाह भी दी है। प्राप्त हुई जानकारी के अनुसार कल चतुर्थी के अवसर पर मंदिर आने वाले भक्तजनों को दर्शन पश्चात 900 किलोग्राम गुड़ रेवड़ी से बने हुए प्रसाद का वितरण किया जायेगा। प्राप्त जानकारी अनुसार दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिगों , तथा गर्भवती माताओं के लिए ई रिक्शा और विशेष व्यवस्था भी की गई है। श्रीगणेश मंदिर गर्भगृह के अंदर मोबाईल फोन का उपयोग , फोटो लेना मना किया गया है। मंदिर ट्रस्ट ने सभी भक्तजनों से मंदिर मे आने के बाद मोबाईल फोन बंद रखने की अपील की है। मंदिर की सुरक्षा को ध्यान मे रखते हुए मंदिर के अंदर हार फूल या निजी रूप से प्रसाद लेकर जाने की अनुमति नही होगी। भक्तजन यदि निजी रूप से कोई प्रसाद अपने साथ मे लेकर आते हैं तो उन्हें मंदिर प्रवेश द्वार के पास संकलन केंद्र पर जमा करना होगा। मंदिर परिसर मे आने पर महिला भक्तों से यह अपील की जा रही है कि कृपया वे अपने आभूषणों तथा कीमती सामान पहनकर न आएं। जेबकतरों बदमाशों से भी सावधान रहें।









