

भाटापारा। थाना प्रभारी हेमंत यादव के नेतृत्व में भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने एक बार फिर अवैध कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए शराब तस्करी और सट्टा संचालन में लिप्त संगठित गिरोह के एक अहम सदस्य को गिरफ्तार किया है। इस पूरी कार्रवाई में नेतराम साहू की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की सख्ती का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आरोपी को मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ा गया। सुरखी नहर पुलिया के पास दबिश देकर पुलिस टीम ने महेश उर्फ नानू जांगड़े (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया, जो न केवल अवैध शराब बेच रहा था, बल्कि मोबाइल के जरिए सट्टा-पट्टी भी संचालित कर रहा था।
क्या-क्या हुआ बरामद?
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से—
₹5000 कीमत के 50 पाव देसी मसाला शराब
सट्टा संचालन में इस्तेमाल मोबाइल फोन
जप्त किया।
शातिर और आदतन अपराधी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर और आदतन अपराधी है। वह लंबे समय से अवैध शराब की सप्लाई और बिक्री के साथ-साथ मोबाइल के माध्यम से सट्टा कारोबार भी चला रहा था।
पहले भी खुल चुका है बड़ा नेटवर्क
इससे पहले 9 जनवरी 2026 को ग्राम तरेंगा में अमर यदु की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया था। उस मामले में 18 सदस्यीय संगठित गिरोह का पर्दाफाश हुआ था। उसी कड़ी में जांच आगे बढ़ाते हुए महेश उर्फ नानू जांगड़े की भूमिका सामने आई, जिसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है।
कानूनी शिकंजा कसा
आरोपी के खिलाफ—
आबकारी एक्ट की धारा 34(2)
छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 07
एवं अन्य संगठित अपराध की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस का संदेश
भाटापारा पुलिस ने साफ कर दिया है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठित अपराध से जुड़े हर व्यक्ति तक पुलिस की पहुंच तय है।
इस कार्रवाई ने यह साबित कर दिया कि भाटापारा में अब अवैध कारोबारियों के लिए कोई जगह नहीं बची है।







